ल्यारी के लोगों ने बताया उजैर बलोच ने अरशद पप्पू के साथ क्या किया था? सच के कितना करीब है ‘धुरंधर 2’ का सीन
Dhurandhar 2 Viral Scene: ‘धुरंधर 2’ के कई सीन वायरल हैं। इन्हीं में से एक सीन है अरशद पप्पू की हत्या वाला सीन। इस सीन में दिखाई गई बेरहमी लोगों के बीच दहशत का अंदाजा लगाने के लिए काफी है। अब ल्यारी के लोगों ने बताया असलियत के कितने करीब है ‘धुरंधर 2’ का ये सीन…
विस्तार
रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए हुए है। फिल्म को लेकर लोगों की राय भले ही बंटी हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म अच्छी कमाई कर रही है। पाकिस्तान में भी बैन होने के बावजूद फिल्म की पाइरेटेड कॉपी को धड़ल्ले से देखा जा रहा है। अब फिल्म में दिखाए गए अरशद पप्पू की हत्या के दिल दहला देने वाले सीन को लेकर वहां के लोगों का कहना है कि सिर्फ ल्यारी के लोगों को ही पता है कि अरशद पप्पू की जिंदगी में असल में क्या हुआ था। साथ ही जो ‘धुरंधर 2’ में दिखाया गया है वो कितनी हद तक सही है।
हकीकत के काफी करीब है अरशद पप्पू की हत्या का सीन
‘धुरंधर द रिवेंज’ में उजैर बलोच का किरदार निभाने वाले दानिश पंडोर भी इस बारे में बात कर चुके हैं। उन्होंने बताया था कि फिल्म के दौरान ये सब जानकर उन्हें भी यकीन नहीं हो रहा था कि ल्यारी में ऐसा कुछ हो चुका है।
अब ल्यारी के एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा है कि अरशद पप्पू के साथ असल जिंदगी में क्या हुआ था, वो सिर्फ ल्यारी के लोग ही जान सकते हैं। इस पोस्ट पर ल्यारी के कई लोगों ने उस घटना के बारे में लिखा है जो वहां के लोकल या चश्मदीद गवाह रहे हैं।
स्मार्ट मुहम्मदी नाम के अकाउंट से एक पोस्ट काफी वायरल है। इसमें लिखा गया है, ‘अरशद पप्पू की मौत से जुड़ा धुरंधर 2 में जो दिखाया गया है वो हकीकत के काफी करीब है। लेकिन हम ल्यारी के लोग ही जानते हैं कि यह घटना कितनी बेरहमी से हुई थी।’
View this post on Instagram
अरशद पप्पू के सिर से खेली गई फुटबॉल
इस पोस्ट के कमेंट में वहां के कई लोगों ने इस घटना के बारे में बताया है। मारिया नाम की एक यूजर ने लिखा, 'अरशद पप्पू को मार दिया गया, फिर उजैर बलोच के गैंग ने उसका सिर कलम किया। इसके बाद अगली सुबह अनाउंस किया गया कि ल्यारी में कल फुटबॉल मैच है और सबको आना है।
वहां अरशद पप्पू के सिर से फुटबॉल खेली गई।' तैमूर नाम के एक यूजर ने लिखा, 'सुबह 4 बजे मस्जिद में ऐलान होता है कि सब लोग फुटबॉल ग्राउंड में जमा हो जाओ और सब लोग आते हैं। वहां उजैर बलोच और उसके साथी अरशद पप्पू के सिर से फुटबॉल खेलते हैं।'
एक ने लिखा है, 'फिल्म में कुछ नहीं दिखाया है। मैं ल्यारी में 10 साल रहा हूं और अरशद पप्पू और रहमान डकैत, उजैर बलोच के बीच कट्टर दुश्मनी थी। वे एक-दूसरे पर फायरिंग करते और केमिकल गैस छोड़ते थे। हम लोगों को वहां रहने में बहुत डर लगता था, गोलियों की आवाजें आती रहती थीं।'
कुछ लोगों ने लिखा है कि उजैर ने बच्चों को भी अरशद के सिर से फुटबॉल खिलाई थी। इतना ही नहीं शरीर के टुकड़े करके, खाल खींचकर जलाया भी था।
‘धुरंधर 2’ में अश्विन धर ने अरशद पप्पू का किरदार निभाया है। जबकि दानिश पंडोर ने उजैर बलोच की भूमिका निभाई है। आदित्य धर द्वारा निर्देशित ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। फिल्म 11 दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 846.87 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है। जबकि वर्ल्डवाइड भी फिल्म का कलेक्शन एक हजार करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर चुका है।