‘मेरी तबीयत खराब थी’, ‘डोला डोला’ गाने की शूटिंग में प्रेग्नेंट थीं माधुरी दीक्षित? अब एक्ट्रेस ने बताई सच्चाई
Madhuri Dixit: माधुरी दीक्षित ने अपने बारे में चल रहीं उन चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी, जिनमें ‘डोला रे डोला’ गाने की शूटिंग के दौरान उनके प्रेग्नेंट होने की बात कही जा रही है। जानिए माधुरी ने क्या कुछ कहा…
विस्तार
माधुरी दीक्षित को लेकर सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसी चर्चाएं चल रही हैं कि शाहरुख खान की 2002 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘देवदास’ के 'डोला रे डोला' गाने की शूटिंग के दौरान माधुरी दीक्षित चार महीने की प्रेग्नेंट थीं। अब इन चर्चाओं और अटकलों पर खुद माधुरी दीक्षित ने प्रतिक्रिया दी है और सच्चाई बताई है।
माधुरी ने बताई बेटे की डेट ऑफ बर्थ
स्क्रीन के साथ बातचीत में माधुरी दीक्षित ने अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए अपने बेटे की जन्म की तारीख भी बताई। माधुरी ने कहा, ‘आरिन का जन्म 2003 में हुआ था। आप हिसाब लगा लीजिए।’ माधुरी दीक्षित के बड़े बेटे आरिन अब 23 साल के हैं और उनका जन्म 17 मार्च 2003 को हुआ था।
फिल्म देवदास 12 जुलाई 2002 को रिलीज हुई थी, इससे पहले इसका प्रीमियर 23 मई 2002 को कान फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। हालांकि, माधुरी ने स्पष्ट किया कि शूटिंग शारीरिक रूप से काफी थकाने वाली थी, लेकिन इसका कारण उनकी प्रेग्नेंसी नहीं थी।
उन्होंने कहा कि मैं बहुत ट्रेवल कर रही थी, इसलिए मेरी तबीयत थोड़ी खराब थी। मैं लगातार शूटिंग के लिए इधर-उधर जा रही थी। मेरी सारी शूटिंग रात में होती थी। इसलिए मेरे लिए यह बहुत थकाने वाला था। मेरी तबीयत थोड़ी खराब थी, लेकिन कुछ खास नहीं था।
सरोज खान की पूर्व असिस्टेंट ने किया था दावा
माधुरी की ये प्रतिक्रिया तब आई है, जब कुछ दिन पहले दिवंगत कोरियोग्राफर सरोज खान की पूर्व असिस्टेंट रुबीना खान के उस दावे के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि गाने की शूटिंग के दौरान माधुरी प्रेग्नेंट थीं।
यूट्यूब चैनल बॉलीवुड ठिकाना के पॉडकास्ट में रुबीना ने 'डोला रे डोला' गाने के बारे में बात करते हुए कहा था, ‘इसमें एक स्टेप है जिसमें माधुरी मैम घूमकर बैठती हैं। वह शॉट सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक चलता रहा, क्योंकि वह चार महीने की प्रेग्नेंट थीं।
इसलिए वह ठीक से घूम नहीं पा रही थीं और उन्हें चक्कर आ रहे थे। उस समय उन्हें बुखार भी था। हालांकि, उन्होंने कभी भी किसी स्टेप को बदलने के लिए नहीं कहा। मास्टरजी (सरोज खान) जो भी कहती थीं, वही अंतिम होता था।’
संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित 'देवदास' साल 2002 में रिलीज हुई थी। फिल्म में शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित प्रमुख भूमिका में नजर आए हैं। माधुरी ने फिल्म में चंद्रमुखी का किरदार निभाया था। सरोज खान द्वारा कोरियोग्राफ किया गया गीत 'डोला रे डोला' माधुरी और ऐश्वर्या को एक साथ पर्दे पर लेकर आया था, जो दो दशक से अधिक समय बाद भी फैंस को याद है। 'देवदास' बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी और आज भी एक कल्ट फिल्म मानी जाती है।