अनुपम खेर ने घटाया वजन तो मां दुलारी ने दिया कुछ ऐसा रिएक्शन; एक्टर ने शेयर किया मजेदार वीडियो
Anupam Kher: अभिनेता अनुपम खेर अक्सर अपनी मां दुलारी के साथ इंस्टाग्राम पर मजेदार वीडियो शेयर करते हैं। इन्हें नेटिजन्स काफी पसंद करते हैं। एक बार फिर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उनकी मां एक्टर के कम होते वजन पर टिप्पणी करती हैं।
विस्तार
अभिनेता अनुपम खेर अपने एक किरदार के लिए अपना वजन कम कर रहे हैं। हाल ही में जब वे अपनी मां दुलारी से मिलने पहुंचे। इस पर मां ने उन्हें कहा कि अब वे इससे ज्यादा वजन न घटाएं। इसके अलावा मां-बेटों के बीच कुछ और मजेदार बात हुई। इसका वीडियो अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर साझा किया है।
दुलारी से अनुपम खेर ने कहा, 'अब बस कर'
अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें वे अपनी मां से पूछते हैं, 'मां पतला हो गया हूं। कैसा लगता हूं'? इस पर दुलारी कहती हैं, 'पतला ठीक है, लेकिन तू ज्यादा पतला हो रहा है'। मां के इस कमेंट पर अनुपम खेर अपने भाई राजू और भाभी से रिएक्शन लेते हैं। वे दोनों कहते हैं, 'ठीक है'। अनुपम खेर अपनी मां से कहते हैं, 'मैं एक रोल के लिए पतला हो रहा हूं'। इस पर उनकी मां कहती हैं, 'वो ठीक है, लेकिन अब बस कर'।
कैसी बहू थीं दुलारी?
इसके बाद अनुपम खेर अपनी मां से कहते हैं, 'पतले होने पर एक्सप्रेशन अच्छे आते हैं'। इसके बाद दुलारी अपने बेटे यानी एक्टर अनुपम खेर से पूछती हैं, 'मैं अच्छी हूं या बुरी हूं'? अनुपम खेर कहते हैं, 'माता आप कमाल हो'। इसके बाद वे अपनी बहू की तरफ इशारा कर पूछती हैं, 'उससे पूछ इसकी सास कैसी है'? दुलारी की इस बात पर सब हंसने लगते हैं। अनुपम खेर पूछते हैं, 'आप कैसी बहू थीं'? इस पर दुलारी कहती हैं, 'मुझसे बहुत खुश थे मेरे सास ससुर'।
अनुपम खेर ने पूछी सास-बहू में टेंशन की वजह
अनुपम खेर आगे पूछते हैं कि मां सास और बहू के बीच टेंशन क्यों रहती है? इस पर दुलारी कहती हैं कि 'नहीं, अब नहीं होती। मुझे तो नहीं है'। अनुपम खेर कहते हैं, 'मुझे लगता है कि मां अपने बेटे को शेयर नहीं करना चाहती बहू के साथ'। इस पर दुलारी कहती हैं, 'नहीं, ऐसा नहीं है। इतनी मोहब्बत से लाती है बहू को अगर नहीं करेगी तो गलत बात है'। इस पर अनुपम खेर कहते हैं, 'आपके विचार बहुत अलग हैं माता'।
अनुपम खेर बोले- 'घर घर की कहानी है'
अनुपम खेर ने कैप्शन लिखा है, 'मैं अच्छी हूं या गंदी?' मां के इस सवाल का हम क्या जवाब दें? इस टॉपिक से निकले तो बात मेरे पतलेपन पर आ गई। फिर निक्कर वाले भाई साहब ने डिप्लोमैटिक सा जवाब दिया। मां और बहू में टेंशन क्यो होती है? भाभी रीमा मां के सवाल से असमंजस में पड़ गईं। बेसिकली कनफ्यूजन की दुकान थी सुबह सुबह। आपके घरों में ऐसा सीन देखने को जरूर मिलता होगा, क्योंकि ये तो घर-घर की कहानी है दोस्तों'।