‘तुम्हें हीरोइन का रोल नहीं मिलेगा’, नीना गुप्ता ने बेटी मसाबा को एक्ट्रेस बनने से किया था मना; दी थी ये सलाह
Neena Gupta On Daughter Masaba: नीना गुप्ता ने बताया कि आखिर क्यों उन्होंने बेटी मसाबा से कहा था कि वो हीरोइन नहीं बन सकती। साथ ही इंडस्ट्री की कड़वी सच्चाई के बारे में भी दी सलाह…
विस्तार
अभिनेत्री नीना गुप्ता इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘वध 2’ को लेकर चर्चाओं में हैं। फिल्म के प्रमोशन में जुटीं नीना गुप्ता ने हाल ही में बताया कि एक समय उनकी बेटी मसाबा गुप्ता भी अभिनेत्री बनना चाहती थीं। लेकिन नीना ने मसाबा को इंडस्ट्री के बारे में कुछ ऐसा बता दिया और उन्हें एक्ट्रेस बनने के सपने देखने से मना कर दिया। हालांकि, बाद में मसाबा का काम देखकर नीना खुद हैरान रह गईं।
नीना गुप्ता ने मसाबा को हीरोइन बनने से रोका
एएनआई के साथ बातचीत के दौरान नीना ने मसाबा की बॉलीवुड में मुख्य अभिनेत्री बनने की ख्वाहिशों को याद किया। नीना ने बताया कि यह उसका फैसला नहीं था। बस हो गया। हालात ऐसे थे। मसाबा अपने आसपास के लोगों से प्रभावित थीं, जो इसी तरह की महत्वाकांक्षाएं रखते थे। मैंने उससे कहा, देखो तुम्हारा चेहरा ऐसा है, तुम्हारा शरीर ऐसा है। तुम्हें किसी हिंदी फिल्म की हीरोइन का रोल नहीं मिलेगा, क्योंकि तुम वैसी नहीं दिखती हो। यह सच है। तुम उस दौर की किसी हिंदी फिल्म की हीरोइन जैसी नहीं दिखती हो।
मसाबा को एक्टिंग सीखने के लिए किया प्रोत्साहित
नीना गुप्ता ने बताया कि उन्होंने मसाबा को प्रोफेशनल एक्टिंग ट्रेनिंग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कैरेक्टर वाले किरदार करने के लिए प्रोत्साहित किया। नीना की यह सलाह तब निर्णायक साबित हुई जब मसाबा ने नेटफ्लिक्स की सीरीज 'मसाबा मसाबा' से अभिनय की शुरुआत की। इसमें उन्होंने अपनी मां के साथ खुद के एक काल्पनिक संस्करण की भूमिका निभाई।
मसाबा की एक्टिंग देख भावुक हुईं नीना
नीना ने स्वीकार किया कि बेटी के अभिनय से वह बेहद भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उसका अभिनय देखकर मेरी आंखों में आंसू आ गए। वह बहुत अच्छी अभिनेत्री है। उसका अभिनय बेहद स्वाभाविक है। मैं दंग रह गई। वह बिल्कुल एक पेशेवर की तरह थी। अपने डेब्यू के बाद मसाबा ने प्राइम वीडियो की एंथोलॉजी 'मॉडर्न लव: मुंबई' में एक सेगमेंट के साथ अपने अभिनय करियर को और आगे बढ़ाया। पिछले साल उन्होंने 'केसरी चैप्टर 2' में एक डांस नंबर भी किया था। इसके अलावा वो मशहूर फैशन डिजाइनर तो हैं ही।
यह खबर भी पढ़ेंः Dhurandhar 2 Teaser: ‘ये नया हिंदुस्तान है…’, ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का टीजर रिलीज; खतरनाक अंदाज में दिखे रणवीर
6 फरवरी को रिलीज होगी ‘वध 2’
नीना गुप्ता जल्द ही ‘वध 2’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ संजय मिश्रा प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। यह क्राइम थ्रिलर 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का लोगों का इंतजार बना हुआ है।
