क्यों पंकज कपूर को कहा जाता है मुश्किल अभिनेता? एक्टर ने खुद बताई वजह; बोले- ‘मेरी ट्रेनिंग ऐसी ही है’
Pankaj Kapur: अभिनेता पंकज कपूर ने इंडस्ट्री में उनको लेकर चल रही एक धारणा के बारे में बात की। साथ ही उन्होंने बताया कि उन्हें क्यों एक मुश्किल अभिनेता माना जाता है…
विस्तार
पंकज कपूर की गिनती इंडस्ट्री के उन अभिनेताओं में होती है, जिन्होंने अपने अभिनय से अपना अलग मुकाम हासिल किया है। यही कारण है कि उन्हें इंडस्ट्री के डिफिकल्ट एक्टर्स में गिना जाता है। अब पंकज कपूर ने बताया कि आखिर क्यों उन्हें ऐसा कहा जाता है और इसके पीछे क्या वजह है? उनका मानना है कि इसके पीछे एक वजह उनकी स्क्रिप्ट पढ़ने की जिद और अभिनय के प्रति अपने सावधानीपूर्वक दृष्टिकोण और बारीकियों पर ध्यान देने की आदत भी है।
इसलिए बन गए मुश्किल अभिनेता
हाल ही में जूम के साथ बातचीत में पंकज कपूर ने कहा कि उनको मुश्किल अभिनेता मानने की धारणा उनके करियर के शुरुआती वर्षों से चली आ रही है। क्योंकि तब इंडस्ट्री में इस तरह की मांगें आम बात नहीं होती थीं।
उन्होंने बताया कि जब मैं नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से मुंबई आया और काम ढूंढने लगा, तो मुझे एक खास किरदार निभाने के लिए कहा गया। मैंने स्क्रिप्ट मांगी, तो उन्होंने कहा कि स्क्रिप्ट मांगने पर मैं एक मुश्किल अभिनेता हूं।
कई साल तक यह बात मेरे दिमाग में बैठी रही क्योंकि मैं कहता था कि मैं स्क्रिप्ट के बिना और इस दिए गए ढांचे में मुझे क्या करना है, यह जाने बिना काम नहीं करूंगा। बहुत से लोग इससे नाराज हो गए और उन्होंने मुझे एक मुश्किल अभिनेता का लेबल लगा दिया।
उस वक्त इंडस्ट्री में ऐसा ही होता था
पंकज कपूर ने आगे उस वक्त की इंडस्ट्री के बारे में कहा कि उन दिनों कोई स्क्रिप्ट नहीं मांगता था। हीरो भी स्क्रिप्ट नहीं मांगता था। डायरेक्टर बस कहते, ‘आओ’, वो वहां चले जाते, और सीन आखिरी मिनट में दिए जाते थे। वे बस सीन तैयार करते और परफॉर्म करते थे। उन एक्टर्स को सलाम जिन्होंने ऐसा किया। मेरी ट्रेनिंग यही थी कि बिना स्क्रिप्ट के, बिना यह जाने कि मैं क्या कर रहा हूं और बिना उस किरदार पर काम किए जिसे मुझे निभाना है।
इन निर्देशकों के साथ काम करने में नहीं कोई दिक्कत
अभिनेता ने यह भी बताया कि सुनियोजित स्क्रिप्ट पर काम करने वाले फिल्म निर्माताओं को उनके साथ काम करने में कभी कोई समस्या नहीं हुई। उन्होंने बासु चटर्जी, विशाल भारद्वाज और अनुभव सिन्हा जैसे निर्देशकों का उदाहरण दिया, जिनके काम करने के तरीके उनके दृष्टिकोण से मेल खाते थे।
टीवी सीरियल 'करमचंद' में काम करने के अपने अनुभव को याद करते हुए पंकज ने बताया कि एक बार उन्होंने अपने सीन की शूटिंग से एक दिन पहले स्क्रिप्ट लेने की जिद की थी, जिससे उस समय निर्देशक हैरान रह गए थे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वे विषय और अपने किरदार को समझे बिना प्रभावी अभिनय नहीं कर सकते।
यह खबर भी पढ़ेंः कोर्ट ने शिल्पा शेट्टी की बिना इजाजत वाली फोटोज हटाने का दिया आदेश, अधिकारों की रक्षा मामले में सुनाया फैसला
‘जब खुली किताब’ में नजर आए पंकज कपूर
वर्कफ्रंट की बात करें तो पंकज कपूर हाल ही में जी5 की फिल्म ‘जब खुली किताब’ में नजर आए हैं। सौरभ शुक्ला द्वारा निर्देशित इस फिल्म में उनके साथ डिंपल कपाड़िया प्रमुख भूमिका में हैं। इसके अलावा फिल्म में अपारशक्ति खुराना और समीर सोनी भी अहम किरदारों में नजर आए हैं।
कमेंट
कमेंट X