Priya Rajvansh: महज सात फिल्में करने वाली प्रिया राजवंश ने बॉलीवुड पर छोड़ी गहरी छाप, अंत रहा बहुत दर्दनाक
Priya Rajvansh Death Anniversary: 60-70 के दशक में निर्देशक चेतन आनंद ने कुछ फिल्में बनाईं, इन फिल्मों में प्रिया राजवंश जरूर नजर आती थीं। चेतन और प्रिया राजवंश के बीच क्या खास रिश्ता था? किन-किन फिल्मों में प्रिया ने अभिनय किया। आखिर में प्रिया राजवंश के साथ ऐसा क्या हुआ कि पूरी फिल्मी इंडस्ट्री हिल गई?
विस्तार
हिंदी सिनेमा में कुछ कलाकार ऐसे भी हुए, जिन्होंने चुनिंदा फिल्में कीं, लेकिन अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया। ऐसी ही एक अदाकारा थीं प्रिया राजवंश। 60 के दशक में अपना फिल्मी करियर शुरू करने वाली इस अभिनेत्री ने महज सात ही फिल्मों में काम किया। फिल्मी गलियारों में प्रिया राजवंश की अदाकारी की खूब चर्चा रही लेकिन एक दिन इनकी हत्या की खबर मिली। बॉलीवुड के लिए यह खबर किसी सदमे से कम नहीं थी। आज अभिनेत्री प्रिया राजवंश की पुण्यतिथि (27 मार्च 2000) है। इस मौके पर जानिए, इस अदाकारा के फिल्म करियर और निजी जीवन से जुड़ी बातें।
ऐसे शुरू हुआ फिल्मों का सफर
प्रिया राजवंश 22 साल की रही होंगी जब लंदन में पढ़ाई कर रही थीं, इस दौरान एक फोटोग्राफर ने उनकी फोटो खींच ली। यह तस्वीर किसी तरह से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े फिल्म मेकर्स तक पहुंचीं। एक फिल्ममेकर ने प्रिया की तस्वीर चेतन आनंद को दिखाई। एक ही नजर में प्रिया राजवंश, चेतन आनंद को पसंद आ गईं। चेतन ने अपनी फिल्म ‘हकीकत(1964)’ में प्रिया राजवंश को साइन कर लिया। यह फिल्म बहुत बड़ी हिट साबित हुई और प्रिया राजवंश भी रातों-रात बॉलीवुड में मशहूर हो गईं।
ये खबर भी पढ़ें: Kanan Kaushal Birthday: 'जय संतोषी मां' से घर-घर में छाईं कनन कौशल, ब्लॉकबस्टर फिल्म देने पर भी फीका रहा करियर
चेतन आनंद के साथ की फिल्में
आगे चलकर जितनी भी फिल्में प्रिया राजवंश ने कीं, वह सभी चेतन आनंद ने ही निर्देशित की थीं। इन फिल्मों में अभिनय करने के अलावा फिल्ममेकिंग से जुड़े काम भी वह देखने लगीं। चेतन की बनाई फिल्म ‘हीर रांंझा’ ने तो प्रिया को बॉलीवुड की एक बड़ी अभिनेत्री बना दिया।
प्रेम में डूब गए चेतन-प्रिया
धीरे-धीरे चेतन और प्रिया का रिश्ता भी निर्देशक और कलाकार का नहीं रहा। ये दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे थे। प्रिया राजवंश के लिए चेतन अपनी पहली पत्नी से भी अलग हो चुके थे। प्रिया राजवंश और चेतन आनंद साथ भी रहने लगे।
प्रिया राजवंश की हत्या
प्रिया राजवंश और चेतन आनंद एक खुशहाल जीवन साथ में जी रहे थे। अचानक चेतन का निधन (1997) हो गया। चेतन ने अपनी प्रॉपर्टी का एक बड़ा हिस्सा प्रिया के नाम किया था, साथ ही पहली शादी से हुए दो बेटों को भी संपत्ति में हक दिया। कहा जाता है कि यही बात आगे चलकर प्रिया राजवंश की हत्या का कारण बनीं। 27 मार्च 2000 को खबर मिली कि प्रिया राजवंश की उनके घर में हत्या हो गई है। हत्या के आरोप में चेतन आनंद के दोनों बेटों केतन और विवेक आनंद को गिरफ्तार किया गया। इस केस में चेतन के बेटों को सजा भी हुई लेकिन साल 2011 में इन्हें जमानत मिल गई।
कमेंट
कमेंट X