'राजा शिवाजी’ के ट्रेलर लॉन्च पर जुटी फिल्म की पूरी टीम, संजू-अभिषेक और विद्या ने बताया कैसे हुई कास्टिंग
Raja Shivaji Trailer Launch Event: साल की मच अवेटेट फिल्म ‘राजा शिवाजी’ के ट्रेलर लॉन्च में फिल्म की पूरी टीम पहुंचीं। इस दौरान सभी ने अपनी कास्टिंग के बारे में बताया। साथ ही विद्या और अभिषेक ने रितेश से मस्ती भी की। यहां देखें वायरल फोटोज और वीडियो…
विस्तार
रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित और अभिनीत ‘राजा शिवाजी’ इस साल की मच अवेटेड फिल्मों में से एक है। आज फिल्म का ट्रेलर लॉन्च इवेंट हुआ। जिसमें फिल्म की पूरी कास्ट एक साथ नजर आई। अब इस इवेंट के कई वीडियोज और फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हैं। एक वीडियो में जहां अभिषेक बच्चन, संजय दत्त और विद्या बालन रितेश की तारीफ करते हुए फिल्म में अपने शामिल होने की कहानी बताते हैं। जबकि कई अन्य वीडियोज में बाकी कलाकार एक-दूसरे मिलते और बात करते दिखाई दे रहे हैं।
रितेश ने बहुत अच्छे से फिल्म का निर्देशन किया
ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान अभिषेक बच्चन से जब पूछा गया कि जब रितेश उनके पास फिल्म की कहानी लेकर गए, तो उन्होंने कितनी देर में हां कर दी? इस पर अभिषेक ने पहले मजाकिया लहजे में कहा कि मैं टाइम तो नोट नहीं कर रहा था। उन्होंने कहा, ‘ऐसा हो ही नहीं सकता कि रितेश कुछ मांगे और मैं उसे मना कर दूं। वो मेरे लिए एक भाई की तरह है।’
वहीं संजय दत्त से जब पूछा गया कि रितेश के निर्देशन में काम करने का अनुभव कैसा था? तब संजू ने कहा, ‘मुश्किल था। क्योंकि रितेश डांटता नहीं था लेकिन समझाता था। उसे जो चाहिए, वो चाहिए। लेकिन उसने बहुत अच्छे तरीके से फिल्म का निर्देशन किया है। मैं उसके लिए बहुत खुश हूं और बहुत शानदार फिल्म उसने बनाई है।’
विद्या बालन ने ठान लिया था फिल्म का हिस्सा होना
विद्या बालन ने फिल्म की शूटिंग के अनुभव और फिल्म में शामिल होने के बारे में बात की। पहले तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि संजू और अभिषेक ने रितेश को अपना छोटा भाई बताया। लेकिन मेरा नहीं है। मैं उसे छोटा भाई नहीं, बल्कि अपना दोस्त मानती हूं। इसके बाद एक्ट्रेस ने बताया कि जब मुझे पता चला कि छत्रपति शिवाजी महाराज पर एक मराठी फिल्म बन रही है और वो रितेश बना रहा है।
फिल्म में संजू हैं, अभिषेक हैं, लेकिन मेरे मन में था कि मेरे पास रितेश क्यों नहीं आए? फिर लगा कि शायद मेरे लायक कोई रोल नहीं होगा या फिर वो बतौर एक्टर मुझे पसंद नहीं करते। फिर जब वो मेरे पास आए कहानी लेकर, तो मैंने तो पहले ही ठान लिया था कि मैं ये करूंगी। इसके अलावा ट्रेलर लॉन्च पर मौजूद बोमन ईरानी और भाग्यश्री ने भी रितेश की जमकर तारीफ की।
रितेश-जेनेलिया का कपल मूमेंट हुआ कैद
सोशल मीडिया पर ट्रेलर लॉन्च इवेंट के कई और वीडियोज-फोटो भी वायरल हैं। एक वीडियो में रितेश जेनेलिया को हाथ पकड़कर स्टेज पर ले जाते हैं। कपल का ये क्यूट मूमेंट अब वायरल है। जबकि एक वीडियो में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन और विद्या बालन एक-दूसरे से मिलते और बातें करते दिखाई दे रहे हैं। इवेंट के दौरान एक मौका ऐसा भी आया, जब जेनेलिया अपने आंसू नहीं रोक सकीं और मंच पर ही भावुक हो गईं। दरअसल, जब रितेश फिल्म की तैयारी के बारे में बात कर रहे थे और उन्होंने जब निर्माता जेनेलिया देशमुख की तारीफ की, तब एक्ट्रेस भावुक हो गईं।
रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित ‘राजा शिवाजी’ का निर्माण जियो स्टूडियो और जेनेलिया डिसूजा ने मिलकर किया है। ‘राजा शिवाजी’ 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
