सलमान खान की इस फिल्म का था अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन? राम गोपाल वर्मा का बड़ा खुलासा; निर्माता को हुई थी जेल
Salman Khan’s Movie Connection With Underworld: दिग्गज निर्माता-निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने सलमान खान की एक फिल्म का अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन बताया है। जानिए रामू ने क्या कुछ खुलासा किया…
विस्तार
एक समय ऐसा था जब बॉलीवुड पर अंडरवर्ल्ड का साया मंडराता था। ऐसा कहा जाता था कि बॉलीवुड में अंदर तक गैंगस्टर्स ने अपने पैर पसार लिए थे। उस समय की फिल्मों की कहानियों में भी अंडरवर्ल्ड का जिक्र बड़े पैमाने पर देखने को मिलता था। हाल ही में अपनी फिल्मों में अंडरवर्ल्ड की दुनिया को बखूबी दिखाने वाले निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने सलमान खान की फिल्म को लेकर एक बड़ा खुलासा किया। रामू ने बताया कि सलमान की इस फिल्म पर अंडरवर्ल्ड का साया था, जिसका असर फिल्म के निर्माण और रिलीज पर भी पड़ा।
‘चोरी चोरी चुपके चुपके’ पर रामू का बड़ा खुलासा
लेखक हुसैन जैदी के साथ उनके यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान राम गोपाल वर्मा ने सलमान खान की फिल्म ‘चोरी चोरी चुपके चुपके’ को लेकर बड़ा खुलासा किया। सलमान की फिल्म पर अंडरवर्ल्ड का असर होने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म की शुरुआत दिलचस्प तरीके से हुई। फाइनेंसर भरत शाह को एक व्यक्ति ने संपर्क किया, जिसने दावा किया कि उसके पास सलमान खान की डेट्स हैं।
शुरुआत में शक हुआ, लेकिन जब सलमान ने पुष्टि की तो भरत शाह को भरोसा हो गया और उन्होंने फिल्म में पैसा लगा दिया। कुछ समय बाद भरत शाह को पता चला कि फिल्म के प्रोड्यूसर नाजिम रिजवी के कथित तौर पर अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील से संबंध हैं। हालांकि, भरत शाह को लगा कि वह वैध बिजनेस कर रहे हैं और किसी दूसरे के कनेक्शन से उन्हें फर्क नहीं पड़ना चाहिए।
भरत शाह और नाजिम रिजवी को पुलिस ने किया था गिरफ्तार
राम गोपाल वर्मा ने उस समय इंडस्ट्री के उस माहौल के बारे में भी बताया जहां, जबरन वसूली की धमकियां आम बात थीं। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री के एक कारोबारी को 5 करोड़ रुपए की फिरौती का कॉल आया। मदद के लिए वह भरत शाह के पास पहुंचा। कहा जाता है कि अंडरवर्ल्ड से बातचीत के बाद रकम घटाकर 2 करोड़ कर दी गई।
इसके बाद कई लोग ऐसे मामलों में शाह से मदद मांगने लगे। रामू ने आगे बताया कि भरत शाह को कोई पैसा नहीं मिल रहा था। वो बस मदद कर रहे थे। लेकिन पुलिस उनके फोन टैप कर रही थी। स्थिति बिगड़ने पर भरत शाह डर गए और सदमे में आ गए।
पुलिस ने सुझाव दिया कि शायद शकील आपके लिए काम कर रहा था। तो भरत शाह ने कहा, ‘वह मेरे लिए काम क्यों करेगा? मैं तो बस एक फिल्म निर्माता हूं।’ आखिरकार 2001 में भरत शाह और नाजिम रिजवी को गिरफ्तार कर लिया गया। भरत शाह को इस केस में सजा हुई, हालांकि वह ट्रायल के दौरान काफी समय जेल में बिता चुके थे।
निर्देशक ने आगे बताया कि ‘चोरी चोरी चुपके चुपके’ की रिलीज आसान नहीं रही। अंडरवर्ल्ड फंडिंग के शक में जांच एजेंसियों ने इसकी प्रिंट्स जब्त कर ली थीं, जिससे रिलीज टल गई थी। बाद में फिल्म रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक प्रदर्शन किया।
राम गोपाल वर्मा के इस खुलासे ने उस दौर की याद ताजा कर दी है, जब फिल्म इंडस्ट्री पर अंडरवर्ल्ड का दबदबा बताया जाता था। फिल्मों की फंडिंग से कास्टिंग और उगाही तक, कई मामलों में गैंगस्टर्स के हस्तक्षेप की बातें सामने आती रही हैं।
