Rajpal Yadav Family: प्यार के लिए छोड़ा कनाडा, नौ साल का है फासला; कौन हैं राजपाल यादव की दूसरी पत्नी?
Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: अभिनेता और कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों चैक बाउंस केस में तिहाड़ जेल में हैं। इस बीच चर्चा उनके करियर और निजी जिंदगी पर भी चल पड़ी है। आइए नजर डालते हैं राजपाल के परिवार में कौन-कौन हैं?
विस्तार
एक्टर और कॉमेडियन राजपाल यादव अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर हैं। कई फिल्मों में अपनी कॉमेडी से उन्होंने जान फूंक दी है। इन दिनों राजपाल तिहाड़ जेल में हैं। एक चेक बाउंस मामले के संबंध में उन्होंने बीते दिनों तिहाड़ में आत्मसमर्पण किया था। उन्होंने बताया कि उनके पास पैसे नहीं हैं। कई बड़े सितारे उनकी मदद को आगे आए हैं। इस बीच चर्चा उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी चल ही है। एक्टर की पत्नी कौन हैं? और, उनके परिवार में कौन-कौन हैं? जानिए
आर्मी जॉइन करना चाहते थे राजपाल
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के कुण्डरा गांव में जन्मे राजपाल यादव ने फिल्मी दुनिया में बड़ा नाम कमाया है। उनकी राह संघर्षों से भरी रही। राजपाल यादव का जन्म 16 मार्च 1971 को यूपी के शाहजहांपुर के कुण्डरा गांव में हुआ। उनके पिता नौरंग यादव किसान थे। 24 जनवरी 2025 को नौरंग यादव का निधन हो गया। राजपाल यादव छह भाई हैं। एक्टर का बचपन गांव के कच्चे मकान में बीता। परिवार की माली हालत ठीक नहीं होने के बावजूद राजपाल यादव के पिता ने उनकी शिक्षा पर जोर दिया। उनका दाखिला दूर शहर के स्कूल में कराया। राजपाल बचपन से ही जिंदगी में कुछ बड़ा करना चाहते थे। वे आर्मी जॉइन करना चाहते थे, लेकिन छोटे कद के कारण ऐसा नहीं हो सका। फिर, उन्होंने अभिनय की दुनिया में नाम कमाने का सपना देखा।
एक्टिंग की ट्रेनिंग के बाद किया मायानगरी का रुख
राजपाल यादव ने साल 1992 में थिएटर जॉइन किया। उन्होंने भारतेंदु नाट्य अकादमी में दाखिला लिया। दो साल थिएटर करने के बाद दिल्ली में एनएसडी गए। वहां एक्टिंग कोर्स करने के बाद 1997 में मुंबई पहुंचे। राजपाल यादव ने करियर की शुरुआत छोटे परदे से की। फिर साल 1999 में उन्हें पहली फिल्म मिली। और आज तक यह सिलसिला जारी है। निजी जिंदगी की बात करें तो राजपाल यादव ने दो शादियां रचाई हैं। दूसरी पत्नी राजपाल यादव के लिए कनाडा छोड़ भारत चली आईं। दोनों के बीच गजब की बॉन्डिंग है।
पहली पत्नी के निधन से बुरी तरह टूटे
राजपाल यादव ने कड़ी मेहनत कर गरीबी जैसे हालातों को तो हरा दिया। मगर, किस्मत ने भी उन्हें धोखा दे दिया। दरअसल, अभिनेता की पत्नी करुणा का निधन हो गया। पहली पत्नी से उनकी एक बेटी ज्योति है। करुणा का निधन, बेटी को जन्म देने के बाद हुआ था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजपाल यादव जब 20 साल के थे तब परिवार वालों ने उनकी शादी करुणा से कराई थी। मगर, डिलीवरी के कुछ ही वक्त बाद करुणा दुनिया छोड़ गईं। पत्नी के निधन से राजपाल यादव बुरी तरह टूट गए थे।
इस तरह जिंदगी में आईं राधा
पहली पत्नी के निधन के बाद राजपालय यादव दूसरी शादी नहीं करना चाहते थे। उन्होंने अकेले ही बेटी ज्योति की परवरिश की जिम्मेदारी उठाई। मगर, करुणा के निधन के कई साल बाद साल 2003 में शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात राधा से हुई। दोनों के बीच काफी नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे। फिर शादी का फैसला लिया।
राधा को दिया था सरप्राइज
कनाडा में जन्मीं राधा को राजपाल पहली नजर में ही पसंद आ गए थे। एक इंटरव्यू के दौरान राधा ने बताया था, 'मैं जब पहली बार मुंबई पहुंची थी, तब राजपाल मुझे अपने घर लेकर गए थे। उन्होंने मुझे सरप्राइज देने के लिए घर का इंटीरियर उसी होटल की तरह करवाया था, जैसा कनाडा के उस होटल का था, जहां हम पहली बार मिले थे'। बता दें कि राजपाल यादव और राधा के बीच उम्र का अच्छा-खासा फासला है। राधा एक्टर से नौ साल छोटी हैं। राधा के साथ राजपाल यादव की दो बेटियां हर्षिता और रेहांशी हैं। एक्टर अपनी तीनों बेटियों को मोनी, हनी और रेहू कहकर पुकारते हैं।
तीनों बेटियों में बसती है एक्टर की जान
राजपाल यादव अपनी बड़ी बेटी ज्योति की शादी कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ज्योति के पति संदीप यादव बैंक में कार्यरत हैं। अपनी तीनों बेटियों में राजपाल यादव की जान बसती है। जेल जाने से पहले अभिनेता भावुक थे। उन्होंने अपनी आर्थिक तंगी का जिक्र करते हुए कहा था कि वे अब अकेले पड़ गए हैं। हालांकि, उनका परिवार और खासकर उनकी बेटियां ही वह वजह हैं, जिनके लिए वे दोबारा संघर्ष करने की हिम्मत जुटा रहे हैं।