फिल्म से पहले क्या टीवी से घर-घर पहुंचेगी जयललिता की कहानी, सीरीज के जी टीवी पर प्रसारण की खबरों का ये है असली सच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने ही ओटीटी प्लेटफॉर्म की तमाम हिट सीरीज को अपने मनोरंजन चैनल जी टीवी पर प्रसारित कर चुके एस्सेल एंटरटेनमेंट ने क्या अब लॉकडाउन की वजह से दूसरे प्लेटफॉर्म से कंटेंट लेने का मन बनाया है? ओटीटी प्लेटफॉर्म एमएक्स प्लेयर पर पिछले साल के अंत में रिलीज हुई वेब सीरीज 'क्वीन' को लेकर चल रही चर्चाओं से तो ऐसा ही लगता है। एक अंग्रेजी वेबसाइट पर प्रकाशित खबर के मुताबिक इस ऐतिहासिक ड्रामा वेब सीरीज को जी टीवी पर जल्द ही प्रसारित किया जाएगा। हालांकि, अमर उजाला ने जब इस बारे में जी टीवी से संपर्क करने की कोशिश की तो कोई ठोस उत्तर नहीं मिला।
एमएक्स प्लेयर की वेब सीरीज 'क्वीन' काफी हद तक तमिलनाडु की दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के जीवन से मेल खाती है। इस वेब सीरीज में जयललिता का किरदार तमिल और हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री राम्या कृष्णन ने निभाया है। राम्या को बड़ी कामयाबी तब मिली जब उन्होंने एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी शानदार फिल्म 'बाहुबली' में शिवगामी का किरदार निभाया। राम्या के अलावा इस सीरीज में सोनिया अग्रवाल, विजी चंद्रशेखर, वामसी कृष्णा, इंद्रजीत सुकुमार, अनिखा सुरेंद्रन, अंजना जयप्रकाश, आदि कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। तकरीबन इसी कहानी पर कंगना रनौत की फिल्म थलाइवा भी बन रही है।
भारत में कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन के चलते टीवी चैनलों को इधर उधर से सामग्री जुटाने की आवश्यकता पड़ रही है। हाल ही में जनरल एंटरटेनमेंट चैनलों में से एक स्टार प्लस ने भी राष्ट्रीय चैनल दूरदर्शन पर शानदार प्रदर्शन कर चुके रामानंद सागर के प्रतिष्ठित धारावाहिक 'रामायण' को भी अपने चैनल पर प्रसारित करना शुरू किया है। लॉकडाउन की वजह से भारत भर में सभी फिल्मों और टीवी धारावाहिकों की शूटिंग बंद हैं। चैनलों के पास दिखाने के लिए कुछ नया नहीं है इसलिए वह अपने पुराने धारावाहिकों का ही रिपीट टेलीकास्ट कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर चैनल कुछ एक ऐसे ही शोज को एक दूसरे से लेकर अपने चैनल पर प्रसारित कर रहे हैं।
एमएक्स प्लेयर की चर्चित वेब सीरीज क्वीन का प्रसारण जी टीवी पर करने की चर्चा का सच जानने के लिए अमर उजाला ने जी टीवी की पीआर टीम से भी संपर्क किया। लेकिन, फिलहाल जी टीवी के प्रवक्ता अभी कुछ कहने से बच रहे हैं। बताया जाता है कि दोनों कंपनियों के बीच इस बारे में चल रही बातचीत का अंतिम नतीजा जल्द ही सामने आ जाएगा।