लॉस एंजिल्स में हुई रणबीर कपूर की ‘रामायण’ की खास स्क्रीनिंग, जानिए दर्शकों ने फिल्म पर दी कैसी प्रतिक्रिया
Ramayana Screening: रणबीर कपूर और यश स्टारर ‘रामायण’ रिलीज से पहले चर्चाओं में हैं। अब फिल्म की एक खास स्क्रीनिंग की गई है। हालांकि, ये भारत में नहीं बल्कि अमेरिका में हुई है। यहां जानिए कैसी थी ये स्क्रीनिंग और क्या कुछ इसमें था खास…
विस्तार
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ को इस साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म माना जा रहा है। फैंस फिल्म के टीजर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस साल दिवाली में रिलीज होने वाली ‘रामायण’ की पहली खास स्क्रीनिंग अमेरिका के लॉस एंजिल्स के सिनेमार्क प्लाया विस्टा थिएटर में की गई। जानकारी के मुताबिक, फिल्म को वहां काफी सराहना मिली है।
लॉस एंजिल्स में हुई पहली स्क्रीनिंग
द वीक की एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘रामायण’ की पहली स्क्रीनिंग लॉस एंजिल्स के सिनेमार्क प्लाया विस्टा थिएटर में आयोजित की गई। यह स्पेशल स्क्रीनिंग 18 से 60 वर्ष की उम्र के चुनिंदा दर्शकों के लिए की गई थी।
स्क्रीनिंग से मिली शुरुआती प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, जिनके मुताबिक फिल्म को काफी पसंद किया गया है। दर्शकों ने इतने बड़े स्तर पर बनाई गई इस फिल्म के शानदार सीन, विजुअल इफेक्ट्स और कहानी कहने के प्रति फिल्म की डिटेलिंग की तारीफ की है।
रिपोर्ट में आगे स्पष्ट किया गया है कि जो दिखाया गया वह फिल्म का केवल फर्स्ट कट था। यह एक तरह का टेस्ट एक्सपेरिमेंट था, क्योंकि दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले फिल्म पर लगातार काम किया जा रहा है।
दो पार्ट में रिलीज होगी ‘रामायण’
नितीश तिवारी द्वारा निर्देशित और नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित ‘रामायण’ दो पार्ट में रिलीज होनी है। फिल्म का पहला पार्ट इस साल दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा। इस फिल्म को काफी बड़े स्तर पर बनाया गया है।
यहां तक कि इसे बॉलीवुड के इतिहास की सबसे महंगी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। जबकि साई पल्लवी सीता और यश रावण का किरदार निभाएंगे।
इसके अलावा सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में दिखाई देंगे। इन प्रमुख कलाकारों के अलावा भी फिल्म में एक बड़ी स्टारकास्ट होने की चर्चाएं हैं, जिनमें अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, कुणाल रॉय कपूर, राघव जुयाल और शीबा चड्ढा जैसे कलाकारों के नामों की चर्चा चल रही है।
यह खबर भी पढ़ेंः ‘ये कैसी प्रोपेगेंडा फिल्म है?’ शत्रुघ्न सिन्हा ने ‘धुरंधर’ देखने के बाद किया फिल्म का रिव्यू; जानिए क्या कहा
एआर रहमान के साथ हंस जिमर ने तैयार किया है संगीत
फिल्म को इंटरनेशनल लेवल पर भी प्रस्तुत करने की योजना है। फिल्म में एआर रहमान के संगीत के साथ हॉलीवुड स्टार म्यूजीशियन हंस जिमर का सहयोग है, जिन्होंने संगीत तैयार करने के लिए हाथ मिलाया है। इतने बड़े नामों के जुड़ने और एक विशाल सांस्कृतिक महत्व की कहानी के केंद्र में होने के कारण, उम्मीदें स्वाभाविक रूप से बढ़ गई हैं।