रणबीर ने सिखाई बारीकी, आयुष्मान से मिली आगे बढ़ने की भूख; नैला ने बताया को-स्टार्स से कैसे हुईं प्रेरित
Naila Grrewal: नैला ग्रेवाल हाल ही में नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘मामला लीगल है’ में नजर आईं थी। उन्होंने रणबीर कपूर और आयुष्मान खुराना को लेकर बड़ा स्टेटमेंट दिया है।
विस्तार
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में नैला ने बताया कि जब वह स्कूल से निकलकर इंडस्ट्री में आई थीं, तब उन्हें खुद नहीं पता था कि इस नई दुनिया को कैसे समझना है। लेकिन किस्मत से उन्हें ऐसे सितारों के साथ काम करने का मौका मिला, जिनसे उन्होंने बहुत कुछ सीखा।
एक्टिंग सफर पर क्या बोली नैला?
अपने एक्टिंग सफर की बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘एक आउटसाइडर होने की वजह से यह इंडस्ट्री हमें बहुत कुछ सिखा देती है। ये आपको इमोशनल, मेंटल और फाइनेंशियल तौर पर मजबूत होना सिखाता है। कई बार जब आपको बोला जाता है कि- आपके रोल को लेकर हम अपडेट करेंगे। वो अपडेट कभी नहीं आता। आपको लगता है कि बस हो ही गया आपका सिलेक्शन, लेकिन ऐसा नहीं होता।’
थप्पड़ फिल्म में काम करने पर नैला ने कहा, ‘थप्पड़ फिल्म के सेट पर जाना, ऐसी फिल्म में काम करना जो कमर्शियली ही नहीं, बल्कि संस्कृतिक रूप से भी अहम थी। ये मेरे लिए बहुत नया था। मेरे मन में पटाखे नहीं फूट रहे थे, लेकिन ऐसा लग रहा था कि जैसे ब्रह्मांड से एक आवाज आ रही हो कि ‘देखो तुमने इसलिए इंतजार किया।’’
रणबीर और आयुष्मान ने क्या सिखाया?
नैला ने बताया कि रणबीर कपूर के साथ काम करना उनके लिए एक सीखने जैसा अनुभव था। उनके मुताबिक, रणबीर अपनी तैयारी में गजब की शांति और बारीकी रखते हैं। हर सीन को बहुत ध्यान से समझना और उसमें डिटेल्स जोड़ना उनकी खासियत है।
वहीं आयुष्मान खुराना को लेकर नैला ने कहा कि उनमें जबरदस्त अनुशासन और आगे बढ़ने की भूख है। आयुष्मान अपने किरदारों में बिना ज्यादा दिखावे के गहरी भावनाएं ले आते हैं, जो स्क्रीन पर बहुत नेचुरल लगती हैं। नैला कहती हैं कि इंडस्ट्री में शुरुआत भले ही उनके लिए उलझन भरी रही हो, लेकिन इन बड़े कलाकारों को करीब से देखकर उन्होंने अपने लिए एक रास्ता बनाना सीखा।
नैला ग्रेवाल का एक्टिंग करियर
नैला ग्रेवाल के एक्टिंग करियर की शुरुआत ‘इश्क-विश्क’ से हुई। इसके बाद उन्होंने ‘थप्पड़’ फिल्म में काम किया। इस फिल्म में तापसी पन्नू लीड रोल में थीं। नैला हाल ही में नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘मामला लीगल है’ में नजर आईं थी।