‘कम उम्र में शादी करवाना चाहते थे पेरेंट्स’, रानी मुखर्जी का खुलासा; बताया कैसे हुई फिल्मों में एंट्री
Rani Mukerji On Her Parents: रानी मुखर्जी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘मर्दानी 3’ को लेकर चर्चाओं में हैं। इंडस्ट्री में 30 साल पूरे कर चुकीं रानी मुखर्जी ने अपने परिवार को लेकर बड़ा खुलासा किया। साथ ही बताया क्यों किया पहली फिल्म को हां…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अभिनेत्री रानी मुखर्जी इस साल इंडस्ट्री में अपने 30 साल पूरे कर रही हैं। साथ ही अभिनेत्री अपनी आगामी फिल्म ‘मर्दानी 3’ के प्रमोशन में भी व्यस्त हैं। इस बीच रानी ने याद किया कि कैसे उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी। साथ ही उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता काफी कम उम्र में ही उनकी शादी करना चाहते थे।
घरवालों को नहीं थी रानी से काम की उम्मीद
इंडस्ट्री में 30 साल पूरे होने के मौके पर रानी मुखर्जी ने यशराज स्टूडियो में अपने पुराने दोस्त और फिल्ममेकर करण जौहर के साथ बात की। इस दौरान करण ने रानी से जब उनके बचपन के बारे में पूछा, तो एक्ट्रेस ने बताया कि भले ही वह एक फिल्मी परिवार से आती हैं। उनके पिता राम मुखर्जी एक फिल्म निर्माता थे, लेकिन घर का खर्च बस किसी तरह चलता था। रानी ने आगे कहा कि उनके माता-पिता ने कभी नहीं सोचा था कि वह फिल्मों में काम करेंगी। मुझे नहीं लगता कि उन्होंने मेरे लिए कभी कोई सपना भी देखा था। जब हम बड़े हो रहे थे, तब मेरे पिताजी ने कभी सोचा भी नहीं था कि मैं काम करूंगी। इसे लड़कों की जिम्मेदारी माना जाता था। यह जिम्मेदारी वे मेरे भाई के ज़रिए निभाते थे। लेकिन मेरे मामले में यह बात बिल्कुल साफ थी। वे मुझे बहुत कम उम्र में शादी करवाना चाहते थे।
मां ने क्यों पहली फिल्म को हां कहने को कहा
रानी ने याद किया कि माता-पिता की तमाम योजनाओं के बावजूद उन्होंने बॉलीवुड में अपने पिता के मित्र सलीम अख्तर द्वारा निर्मित फिल्म 'राजा की आएगी बारात' से डेब्यू किया। रानी ने कहा कि किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। 'राजा की आएगी बारात' का प्रस्ताव मिलने पर मेरी मां ने मुझसे कहा, 'सलीम चाचा हमारे पारिवारिक मित्र हैं और उन्होंने तुम्हें एक फिल्म का प्रस्ताव दिया है। तुम इसे क्यों नहीं स्वीकार लेती?' तब मुझे यह एहसास नहीं हुआ था कि शायद मेरी मां मेरे घर की आर्थिक स्थिति सुधारने का रास्ता ढूंढ रही थीं। क्योंकि वे जानती थीं कि अगर मैं इस क्षेत्र में अच्छा करूंगी तो हमारे लिए अच्छा होगा। लेकिन उस समय मैंने इस नजरिए से नहीं सोचा था। अब इसका एहसास होता है।
फिल्मी परिवार से आती हैं रानी मुखर्जी
राम मुखर्जी एक प्रतिष्ठित फिल्मी परिवार से आती हैं। उनके पिता राम मुखर्जी पटकथा लेखक, निर्देशक और निर्माता थे। उनके चचेरे भाई देब मुखर्जी और जॉय मुखर्जी लोकप्रिय अभिनेता थे। उनके चाचा शशाधर मुखर्जी मुंबई में सिनेमा के अग्रदूतों में से एक थे। राम मुखर्जी दिलीप कुमार की फिल्म 'लीडर' के निर्देशन के लिए सबसे ज्यादा जाने जाते थे।
1996 में रिलीज हुई थी ‘राजा की आएगी बारात’
रानी मुखर्जी ने साल 1996 में आई फिल्म ‘राजा की आएगी बारात’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। हालांकि 'राजा की आएगी बारात' बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हुई, लेकिन इससे रानी को पहचान मिली, जिसके बाद 'गुलाम' और 'कुछ कुछ होता है' जैसी फिल्में आईं। इनसे बॉलीवुड में उनके करियर की शुरुआत हुई। रानी इस साल 'मर्दानी 3' के साथ सिनेमाघरों में वापसी कर रही हैं।