अब घर बैठे देख सकेंगे रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’, जानिए कब और किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी फिल्म
Mardaani 3 Ott Release Date: सिनेमाघरों के बाद अब शिवानी शिवाजी रॉय आपके घर आने वाली हैं। यानि ‘मर्दानी 3’ ओटीटी पर रिलीज हो रही है। जानिए कब और कहां देख सकेंगे फिल्म…
विस्तार
रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ अगर आपने सिनेमाघरों में नहीं देखी, तो अब आप इसे घर बैठे देख सकते हैं। क्योंकि सिनेमाघरों के बाद अब फिल्म ‘मर्दानी 3’ ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। मेकर्स ने फिल्म की ओटीटी रिलीज डेट और प्लेटफॉर्म दोनों की घोषणा कर दी है।
27 मार्च से ओटीटी पर मौजूद होगी फिल्म
जनवरी में सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘मर्दानी 3’ में रानी मुखर्जी अपने पुराने शिवानी शिवाजी रॉय की भूमिका में वापस आई हैं। अब फिल्म ओटीटी पर रिलीज को तैयार है। ‘मर्दानी 3’ शुक्रवार 27 मार्च से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम करेगी। खुद नेटफ्लिक्स की ओर से एक पोस्ट के जरिए ये जानकारी साझा की गई है। फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए नेटफ्लिक्स ने कैप्शन में लिखा, ‘अपराधियों के बुरे दिन शुरू। शेरनी आ रही है शिकार करने। 27 मार्च को नेटफ्लिक्स पर मर्दानी 3 देखें।’
View this post on Instagram
अभिराज मीनावाला ने किया है निर्देशन
अभिराज मीनावाला द्वारा निर्देशित ‘मर्दानी 3’ रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है। इससे पहले इस फ्रेंचाइज की दो फिल्में ‘मर्दानी’ और ‘मर्दानी 2’ रिलीज हो चुकी हैं। इस तीसरी फिल्म में भी रानी मुखर्जी अपने पुराने शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में वापस लौटी हैं।
जनवरी में सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया हासिल हुई थी। फिल्म में रानी मुखर्जी के अलावा जानकी बोडीवाला और मल्लिका प्रसाद भी अहम किरदारों में नजर आए हैं। फिल्म में पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय तीन महीनों के भीतर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 93 लड़कियों के मामले की जांच करती हैं।
रानी मुखर्जी के वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘मर्दानी 3’ के बाद अब अभिनेत्री के शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘किंग’ में नजर आने की संभावना है। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित ‘किंग’ एक मल्टीस्टारर फिल्म है।
इसमें शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, जयदीप अहलावत, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी और सौरभ शुक्ला समेत कई कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे।