आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म पर सामने आई बड़ी अपडेट, क्या सच में ठंडे बस्ते में चली गई ये फिल्म?
Ayushmann Khurrana Next Movie Update: आखिरी बार ‘थामा’ में नजर आए आयुष्मान खुराना की अगली फिल्म को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। जानिए क्या ठंडे बस्ते में चली गई करण जौहर के साथ बन रही आयुष्मान की नई फिल्म?
विस्तार
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान इन दिनों अपनी एक आगामी एक्शन-कॉमेडी फिल्म को लेकर चर्चाओं में हैं। इस फिल्म का निर्माण करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस और गुनीत मोंगा के सिखिया एंटरटेनमेंट द्वारा किया जा रहा है। हाल ही में ऐसी खबरें आईं कि इस फिल्म की शूटिंग 2024 में शुरू होनी थी, लेकिन फिल्म निर्माण संबंधी दिक्कतों में फंस गई और शूटिंग जल्द ही रुक गई। लेकिन अब फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र ने फिल्म को लेकर ताजा अपडेट दी है। साथ ही सूत्र ने ये भी बताया कि फिल्म बंद होने की खबरों में कितनी सच्चाई है।
10 दिन की बाकी है शूटिंग
बीते दिनों आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म के बंद होने की खबरों पर अब फिल्म से जुड़े करीबी सूत्र ने नई अपडेट साझा की है। फिल्म से जुड़े करीबी सूत्र ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि ये खबरें सही नहीं हैं। ये सिर्फ अफवाहें हैं। सूत्र ने आगे बताया कि हमारी 10 दिन की शूटिंग बाकी है और हम इस फिल्म को इसी साल सिनेमाघरों में रिलीज करेंगे।
‘पति पत्नी और वो दो’ में भी नजर आएंगे आयुष्मान और सारा अली खान
इस फिल्म के अलावा आयुष्मान खुराना और सारा अली खान आगामी फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ में नजर आएंगे। मुदस्सर अजीज द्वारा निर्देशित इस फिल्म में इन दोनों कलाकारों के अलावा रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। मेकर्स ने पिछले साल ही ये घोषणा की थी कि यह फिल्म होली 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। जानकारी के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग अभी चल रही है। भूषण कुमार और रेणु रवि चोपड़ा द्वारा निर्मित ‘पति पत्नी और वो दो’ होली के मौके पर 4 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘पति पत्नी और वो दो’ 2019 में आई कार्तिक आर्यन, भूमि पेडनेकर और अनन्या पांडे की हिट कॉमेडी फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ का सीक्वल बताई जा रही है।
यह खबर भी पढ़ेंः ‘ओ रोमियो’ के ट्रेलर लॉन्च से पहले ही इवेंट छोड़कर चले गए नाना पाटेकर, निर्देशक विशाल भारद्वाज ने बताई वजह
‘थामा’ में नजर आए थे आयुष्मान
वर्कफ्रंट की बात करें तो आयुष्मान खुराना आखिरी बार पिछले साल रिलीज हुई फिल्म ‘थामा’ में नजर आए थे। जबकि सारा अली खान अनुराग बसु की मल्टीस्टारर फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ में दिखाई दी थीं।
