तापसी पन्नू ने ‘अस्सी’ को लेकर शेयर किया वीडियो, लोगों से की ये खास अपील; बोलीं- आप असहज हो सकते हैं
Taapsee Pannu Urge To Watch Assi: तापसी पन्नू ने अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘अस्सी’ को लेकर एक वीडियो साझा किया है। साथ ही लोगों से फिल्म देखने की अपील करते हुए, ये खास बात कही है। जानिए वीडियो में तापसी ने क्या कुछ कहा…
विस्तार
अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी तापसी पन्नू स्टारर फिल्म ‘अस्सी’, इन दिनों सिनेमाघरों में बनी हुई है। फिल्म को क्रिटिक्स से जबरदस्त प्रशंसा मिली है। वहीं इसे देखने वाला भी हर इंसान फिल्म की तारीफ कर रहा है। हालांकि, तमाम प्रशंसाओं के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रही है। अब अभिनेत्री तापसी पन्नू ने फिल्म को लेकर एक वीडियो बनाया है, जिसमें उन्होंने फिल्म को मिल रही तारीफों और रिव्यूज की बात की। वीडियो में तापसी ने ‘थप्पड़’ से लेकर ‘अस्सी’ तक के बारे में बात की। साथ ही लोगों से फिल्म देखने की अपील भी की है।
तापसी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
तापसी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर आज एक वीडियो साझा किया है। वीडियो की शुरुआत में तापसी कहती हैं, ‘कुछ फिल्में होती हैं, जिनके लिए मैसेज आते हैं कि क्या कमाल की कहानी है। कुछ के लिए किरदार की तारीफ होती है।
लेकिन कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिनके लिए संदेश आते हैं कि ये फिल्म करने के लिए थैंक्यू। जबकि कुछ फिल्मों के रिव्यू में लिखा होता है कि असहज करती है कहानी। कितनी घृणित है ये फिल्म, लेकिन फिर भी जरूर देखें। ये अर्जेंट वॉच है।
ऐसी ही एक फिल्म छह साल पहले आई थी ‘थप्पड़। अब पिछले हफ्ते एक और ऐसी फिल्म आई है अस्सी। दोनों ही फिल्मों का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया है और दोनों ही फिल्मों में संयोगवश मैं प्रमुख भूमिका में हूं।’
फिल्म को लेकर आ रहे अच्छे रिव्यू
वीडियो में आगे तापसी ‘अस्सी’ को मिल रहे रिव्यूज के बारे में बात करती हैं। एक्ट्रेस कहती हैं, ‘अस्सी को इतने अच्छे और प्यारे रिव्यू मिल रहे हैं। इतने प्यारे संदेश लोग भेज रहे हैं। सबसे खास बात, कितने सारे लोगों ने व्यक्तिगत रूप से इस मुद्दे को लिया है।
कितने सुंदर लेख और वीडियो सामने आए हैं। मैंने सब देखे, सब पढ़े। शायद आपने भी देखे होंगे, पढ़े होंगे। अगर इतने सारे लोग लिख रहे हैं, इतने शिद्दत, प्यार और जज्बे से, तो शायद कुछ तो बात होगी फिल्म में? ऐसे में अगर आपको भी लगता है कि आखिर ऐसा क्या है फिल्म में, जिसकी लोग इतनी तारीफ कर रहे हैं? तो एक बार जरूर देखिये ये फिल्म आपसे भी बात करेगी।’
यह खबर भी पढ़ेंः दीपिका पादुकोण नहीं होंगी इंटरनेशनल सीरीज 'द व्हाइट लोटस' का हिस्सा? वजह जानकर हो जाएंगे हैरान
फिल्म जैसी भी लगे बताइएगा जरूर
यही नहीं तापसी ने वीडियो में आगे लोगों से ये भी कहा कि फिल्म देखने के बाद अगर अच्छी लागे या जैसी भी लागे, लिखना जरूर। मैं जरूर देखना चाहूंगी। आने वाले वीकेंड में आशा करते हैं कि आपके पास थोड़ा समय हो इस फिल्म को देखने के लिए। थोड़ा असहज कर सकती है पर याद रहेगी। शायद इतना आत्मविश्वास अब आ गया है हमें ये कहने में। मुझे आशा है कि आप अस्सी के लिए सभी अद्भुत राइटअप, रिव्यू और वीडियो का इंतजार कर रहे हैं।
अनुभव सिन्हा द्वारा निर्देशित ‘अस्सी’ एक कोर्टरूम ड्रामा है। फिल्म भारत में घटने वाली दुष्कर्म जैसी गंभीर घटनाओं पर बात करती है। फिल्म में एक महिला टीचर परिमा (कनी कुश्रुति) की कहानी दिखाई गई है।
उसके साथ घर लौटते समय बेरहमी से सामूहिक दुष्कर्म किया जाता है। फिल्म में बताया गया है कि देश में हर दिन दुष्कर्म की अस्सी घटनाएं होती हैं। फिल्म में तापसी पन्नू ने एक वकील की भूमिका निभाई है।
तापसी के अलावा फिल्म कनी कुश्रुति, मोहम्मद जीशान अय्यूब, कुमुद मिश्रा, मनोज पाहवा और सुप्रिया पाठक भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। इसके अलावा फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और सीमा पाहवा के कैमियो हैं।