‘वो बौद्धिक रूप से दिवालिया’, प्रकाश राज पर भड़के ‘द केरल स्टोरी 2’ के निर्देशक; जानिए क्या है पूरा मामला
The Kerala Story Controvers: ‘द केरला स्टोरी 2’ रिलीज से पहले ही विवादों में फंसी है। अब फिल्म को लेकर की गई प्रकाश राज की टिप्पणी पर निर्देशक ने उन्हें बौद्धिक दिवालिया बताया है। जानिए क्या है पूरा मामला…
विस्तार
आगामी फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' को लेकर विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। अब फिल्म को लेकर एक और विवाद शुरू हो गया है। ये विवाद साउथ एक्टर प्रकाश राज की फिल्म को लेकर की गई एक पोस्ट के बाद शुरू हुआ है। जिसमें उन्होंने 'द केरल स्टोरी' की तुलना पोर्क करी, बीफ फ्राई, फिश करी और शाकाहारी ओणम साद्या की तस्वीरों से करते हुए इसे असली केरल स्टोरी करार दिया था। अब प्रकाश राज की टिप्पणी पर फिल्म के निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह ने तीखा हमला बोला है।
प्रकाश राज ने बताई थी क्या है असली केरल स्टोरी
प्रकाश राज ने बीते दिन अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया था। इसमें उन्होंने पोर्क करी, बीफ फ्राई, फिश करी और शाकाहारी ओणम साद्या की तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ ही एक्टर ने लिखा, ‘असली केरल स्टोरी यह है कि कैसे पोर्क, बीफ और मछली शाकाहारी साद्या के साथ सह-अस्तित्व में रहते हैं। सभी सद्भाव से रहते हैं। कृपया आनंद लें। बस पूछ रहा हूं। हैप्पी संडे।
The real #KeralaStory is how pork, beef and fish coexist with vegetarian sadya and all of them live in harmony. Please relish 😍😍😍 #justasking happy Sunday everyone ❤️❤️ pic.twitter.com/Ea2JCPd6n6
— Prakash Raj (@prakashraaj) February 22, 2026
प्रकाश राज पर भड़के कामाख्या नारायण सिंह
अब प्रकाश राज की टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कामाख्या नारायण सिंह ने एएनआई से बातचीत में प्रकाश राज को बौद्धिक रूप से दिवालिया बताया। निर्देशक ने कहा कि मैं पहले प्रकाश राज जी को एक उच्च कोटि का अभिनेता मानता था, लेकिन अब मुझे लगता है कि एक इंसान के तौर पर भी वे उतने ही निचले स्तर के हैं।
मुझे नहीं पता कि वो खुद क्या खाते हैं और न ही मुझे इसकी परवाह है, क्योंकि उनके बयान वही दर्शाते हैं जो वे उपभोग करते हैं। लेकिन मुझे बताइए क्या यह सच है कि हमारी बेटियों को जबरन गोमांस खिलाया जा रहा है? उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है?
अगर यह सच है, तो मैं प्रकाश राज जी की अंतरात्मा पर सवाल उठाता हूं। यह कभी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। भारत का सभ्य समाज किसी को धर्म परिवर्तन के लिए जबरन गोमांस खिलाना कभी स्वीकार नहीं करेगा। वो बौद्धिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं।
मेकर्स बोले- हम केरल के पीछे नहीं पड़े हैं
दूसरी ओर फिल्म को लेकर उठे विवाद पर फिल्म के निर्माता विपुल शाह पहले ही अपनी सफाई दे चुके हैं। निर्माता का कहना है कि हम केरल के पीछे नहीं पड़े हैं। केरल भगवान की भूमि है। हम चाहते हैं कि उस राज्य से यह बुराई जल्द से जल्द जड़ से खत्म हो जाए।
पहली फिल्म की आलोचना, विशेष रूप से उसमें बताए गए आंकड़ों को लेकर ने टीम को यूट्यूब पर एक वीडियो जारी करने के लिए प्रेरित किया जिसमें आंकड़े और नाम विस्तार से बताए गए हैं। शाह ने यह भी आरोप लगाया कि पहली फिल्म के बाद सरकार द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने के कारण ही सीक्वल बनाने की प्रेरणा मिली।
27 फरवरी को रिलीज होगी फिल्म
कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित 'केरल स्टोरी 2' में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।