The Raja Saab Box Office: 'धुरंधर' की धौंस के आगे कैसा है 'द राजा साब' का हाल? शनिवार को छापे इतने नोट
The Raja Saab Collection Day 2: फिल्म 'द राजा साब' कल शुक्रवार 09 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। साउथ सुपरस्टार प्रभास की फिल्म ने 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग लेकर शुरुआत की। जानिए आज कैसा प्रदर्शन रहा है?
विस्तार
फिल्म 'धुरंधर' के शोर के बीच प्रभास की फिल्म 'द राजा साब' ने बीते शुक्रवार को दस्तक दी। यह हॉरर कॉमेडी फिल्म पैन इंडिया स्तर पर रिलीज की गई है। फिल्म की ओपनिंग शानदार रही। जानिए आज दूसरे दिन यानी शनिवार को इस फिल्म ने कितना कलेक्शन जुटाया है?
दूसरे दिन कैसा रहा कलेक्शन?
फिल्म 'द राजा साब' ने ओपनिंग डे पर शानदार प्रदर्शन किया। इसने 53.75 करोड़ रुपये की कमाई के साथ खाता खोला। इससे एक दिन पूर्व गुरुवार को पेड प्रिव्यू शो में इस फिल्म ने 9.15 करोड़ रुपये कमाए थे। हालांकि, आज शनिवार को इस फिल्म के कलेक्शन में गिरावट दर्ज हुई है। दूसरे दिन 'द राजा साब' का कलेक्शन सिर्फ 21.02 करोड़ रुपये रहा है।
बजट की तुलना में कहां है फिल्म?
प्रभास की फिल्म में दूसरे ही दिन 50 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। अमूमन ऐसा देखा जाता है कि रिलीज के अगले दिन फिल्मों की कमाई में कमी देखी जाती है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म कल रविवार की छुट्टी का कितना फायदा उठाती है? फिल्म का टोटल कलेक्शन 83.92 करोड़ रुपये हो चुका है। बजट की बात करें तो मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे 400 करोड़ रुपये के भारी भरकम बजट में तैयार किया गया है। इस हिसाब से पहले दिन का कलेक्शन ठीक-ठाक रहा था।
हिंदी पट्टी में कैसा प्रदर्शन?
पहले दिन 'द राजा साब' ने सबसे ज्यादा कमाई तेलुगु भाषी क्षेत्र में की थी। अन्य भाषाओं में ओपनिंग डे पर इस फिल्म ने कितने कमाए, जानिए
| भाषा | कलेक्शन |
| तेलुगु | 47.15 करोड़ रुपये |
| हिंदी | 6 करोड़ रुपये |
| तमिल | 40 लाख रुपये |
| कन्नड़ | 10 लाख रुपये |
| मलयालम | 10 लाख रुपये |
क्या है फिल्म की कहानी?
'द राजा साब' में राजू उर्फ राजा साब (प्रभास) अपनी दादी गंगा मां (जरीना वहाब) के साथ गांव में रहता है। उसकी दादी अक्सर उसके दादा कनकराजू (संजय दत्त) को याद करती है, जो कि एक चोर की तलाश में लापता हो गए। एक दिन अचानक राजू को अपने दादा के हैदराबाद में होने की खबर मिलती है। यहां से कहानी में ट्विस्ट आता है। 'द राजा साब' मारुति द्वारा लिखित और निर्देशित है। प्रभास के अलावा संजय दत्त, निधि अग्रवाल, बोमन ईरानी, ब्रह्मानंदम और मालविका मोहनन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।