'स्टाफ ने हमारा पूरा पता बता दिया था'; वरुण ने याद किया वह दौर जब डेविड धवन को मिल रही थी अंडरवर्ल्ड से धमकी
Varun Dhawan Recalls Underworld Threat: अभिनेता वरुण धवन ने हाल ही में उन दिनों को याद किया, जब उनके पिता डेविड धवन को अंडरवर्ल्ड से धमकी मिली थी। अभिनेता ने बताया कि किस तरह एक बेहद गंभीर परस्थिति ने अचानक कॉमिक टर्न ले लिया था।
विस्तार
मशहूर निर्माता-निर्देशक को 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड से मिली धमकी मिली थी। हाल ही में वरुण धवन उस दौर को याद करते नजर आए। 1990 का दशक बॉलीवुड के सबसे काले दौर में माना जाता है, जब कुछ सितारों को काफी परेशानी झेलनी पड़ीं। इंडस्ट्री पर अंडरवर्ल्ड का साया गहरा गया था। बताया जाता है कि कई फिल्म निर्माताओं और अभिनेताओं को धमकीभरे कॉल आते थे। माना जाता था कि गैंगस्टरों ने फिल्मों में पैसा लगाया था और निर्माता गुलशन कुमार और मुकेश दुग्गल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस दौर को याद करते हुए वरुण धवन ने हाल ही में एक ऐसी घटना के बारे में बात की जिसमें उनके पिता, फिल्म निर्माता डेविड धवन शामिल थे।
धमकी भरे कॉल करने वालों से बहस करता था स्टाफ
वरुण धवन ने हाल ही में 'युवा' (Yuvaa) के साथ बातचीत में उस वक्त को याद किया और बताया कि किस तरह उनके परिवार को धमकियां मिल रही थीं। हालांकि, इस मुश्किल भरे और गंभीर वक्त ने अचानक एक मजेदार मोड़ ले लिया था। वरुण धवन ने कहा, 'उस समय लोगों को अंडरवर्ल्ड से कॉल आ रहे थे और हमें भी आ रहे थे। हमें काफी समय से ऐसे कॉल आ रहे थे, लेकिन हमें इसका एहसास नहीं हुआ, क्योंकि हमारे घर का स्टाफ, जो भी कॉल करता था, उससे बहस करने लगता था'।
बता दिया था घर का पूरा पता
वरुण धवन ने आगे कहा, 'स्टाफ ने तो हमारा पूरा पता भी बता दिया था और उस शख्स को मिलने की जगह भी बता दी थी। कहा था, 'आओ, उस गार्डन में मुझसे मिलो, मैं तुम्हें वहीं पीटूंगा'। वरुण ने आगे कहा, 'जब बात ज्यादा बढ़ गई, तो एक एक्टर ने मेरे पापा को फोन किया और कहा कि अब मामला हाथ से निकल गया है और वह शख्स अब कह रहा है कि वह बंदूकें लेकर आएगा। उसे हमारा पता और ऑफिस का समय पता है। जब मेरे पापा ने पूछा कि यह किसने कहा तो उसने उस स्टाफ मेंबर का नाम लिया। इसलिए उस दिन हमें कहीं और रुकना पड़ा। यह सुनने में फनी है, लेकिन हकीकत में यह बिल्कुल भी फनी नहीं था'।
फराह खान ने भी किया था जिक्र
इससे पहले फराह खान ने उस समय को याद किया था, जब करण जौहर को धमकियां मिली थीं। फराह खान ने इससे पहले रणवीर अल्लाहबादिया के साथ बातचीत में इसी दौर के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था, 'मुझे याद है कि मैं एक फिल्म सेट पर थी। मैंने अपना करियर शुरू ही किया था कि मुकेश दुग्गल को गोली मार दी गई। प्रोड्यूसर मुकेश दुग्गल की 1997 में अंधेरी के सेवन बंगलों में उनके ऑफिस में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। फराह ने यह भी बताया कि फिल्ममेकर करण जौहर को उस समय धमकियां मिली थीं, जब उनकी पहली फिल्म 'कुछ कुछ होता है' प्रीमियर के लिए तैयार थी।