क्या ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बनेगी फिल्म? विवेक अग्निहोत्री-भूषण कुमार की जोड़ी ने किया बड़ा ऐलान
Operation Sindoor Movie: बॉलीवुड से एक बड़ी खबर सामने आई है। फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री और प्रोड्यूसर भूषण कुमार अब एक नए प्रोजेक्ट के लिए साथ आ रहे हैं। जानिए क्या है पूरा मामला।
विस्तार
रियल इवेंट पर प्रेरित मूवी लवर्स के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने अब एक बड़ा ऐलान किया है, जो चर्चा का विषय बन गया है।
क्या ऑपरेशन सिंदूर पर बनेगी फिल्म?
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री और प्रोड्यूसर भूषण कुमार दोनों मिलकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित एक फिल्म बनाने जा रहे हैं। यह फिल्म एक बड़े और देशभक्ति से जुड़े विषय पर होगी, जिसे लेकर अभी से काफी चर्चा शुरू हो गई है।
बताया जा रहा है कि यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ‘टाइनी’ ढिल्लों की किताब ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इन्साइड पाकिस्तान पर आधारित है। फिल्म में 6 मई से 10 मई 2025 के बीच हुए इस ऑपरेशन की पूरी कहानी को विस्तार से दिखाया जाएगा।
फिल्म को लेकर क्या बोले विवेक अग्निहोत्री?
इस बारे में बात करते हुए विवेक अग्निहोत्री ने कहा, ‘मैं हमेशा ऐसी कहानियां बताने में विश्वास रखता हूं जो असहज हों, लेकिन जरूरी हों। मेरी कोशिश है कि इस बहादुरी, प्रोफेशनलिज्म और रणनीतिक समझ की कहानी को पूरी सच्चाई के साथ दर्शकों तक पहुंचाऊं और इसे एक रोमांचक सिनेमाई अनुभव बनाऊं।’
विवेक ने आगे बताया, ‘हमने इस फिल्म के लिए सेना के कई विभागों के साथ मिलकर ग्राउंड लेवल पर रिसर्च की है, ताकि सिर्फ यह नहीं दिखाया जाए कि क्या हुआ, बल्कि यह भी समझाया जाए कि कैसे और क्यों हुआ। असल कहानी पब्लिक में मौजूद जानकारी से कहीं ज्यादा कठिन और सटीक है।’
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
बताया जा रहा है कि यह फिल्म टी-सीरीज और ‘आई एम बुद्धा प्रोडक्शन’ के बैनर तले बनाई जाएगी और इसका निर्देशन खुद विवेक अग्निहोत्री करेंगे। हालांकि, फिल्म की कास्ट, रिलीज डेट और बाकी डिटेल्स अभी सामने नहीं आई हैं। मेकर्स ने अभी आधिकारिक घोषणा भी पूरी तरह से नहीं की है।