एक्टर मैथ्यू पेरी मौत के मामले में दोषी जसवीन संघा को जेल, 15 साल सलाखों के पीछे रहेंगी 'केटामाइन क्वीन'
Matthew Perry Death Case: अमेरिकी-कनाडाई अभिनेता मैथ्यू पेरी की मौत के मामले में जसवीन संघा को 15 साल की जेल हुई है। जसवीन ने अपना गुनाह स्वीकार किया था।
विस्तार
सीरीज 'फ्रैंड्स' फेम हॉलीवुड एक्टर मैथ्यू पेरी की मौत मामले में अपना गुनाह कबूल करने के बाद 'केटामाइन क्वीन' के नाम से मशहूर जसवीन संघा को 15 साल जेल की सजा सुनाई गई है। कोर्ट ने जसवीन संघा को केटामाइन ड्रग सप्लाई करने के आरोप में दोषी पाया है। इसी केटामाइन ड्रग के ओवरडोज के चलते साल 2023 में मैथ्यू पेरी की मौत हो गई थी।
सजा सुनाए जाने से पहले 'केटामाइन क्वीन' ने मांगी माफी
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, 'डेडलाइन' की एक रिपोर्ट के अनुसार, जसवीन संघा लॉस एंजिल्स में बुधवार (स्थानीय समय) को फेडरल कोर्ट में पेश हुईं, जहां डिस्ट्रिक्ट जज शेरिलिन पीस गार्नेट ने उन्हें 180 महीने की जेल की सजा के साथ-साथ जेल से बाहर आने के बाद तीन साल की प्रोबेशन की सजा भी दी। सजा सुनाए जाने से कुछ घंटे पहले जसवीन संघा ने माफी मांगते हुए कहा, 'मैंने जो किया, उसके लिए कोई बहाना नहीं है। मैंने जो तकलीफ पहुंचाई है, उसके लिए मुझे गहरा अफसोस है। खासकर मैथ्यू के परिवार को जो दर्द पहुंचा है, उनका नुकसान अकल्पनीय और हमेशा के लिए है।
पांच आरोपियों में आखिरी हैं जसवीन संघा
जसवीन संघा ने अपने कामों की जिम्मेदारी भी ली और कहा, 'इस दुखद घटना की वजह बने हालात में मैंने जो भूमिका निभाई और जो काम किए मैं उनकी पूरी जिम्मेदारी लेती हूं। मैं समझती हूं कि मेरा बर्ताव यानी ड्रग्स का धंधा चलाना और उसी रास्ते पर चलते रहना लापरवाही भरा, खतरनाक और गलत था'। जसवीन संघा उन पांच आरोपियों में से आखिरी हैं, जिन्होंने अभिनेता की मौत के मामले में आधिकारिक तौर पर अपना गुनाह कबूल किया है। बता दें कि टीवी सीरीज 'फ्रेंड्स' में अपनी भूमिका के लिए मशहूर मैथ्यू पेरी अक्तूबर 2023 में अपने घर पर मृत पाए गए थे।
दवा की अवैध रूप से सप्लाई की बात मानी
बीते वर्ष जून में प्लासेंसिया ने एक समझौता किया था, जिसमें माना कि उसने 'फ्रेंड्स' स्टार को बिना किसी सही मेडिकल मकसद के केटामाइन दी थी। उस स्टार की मौत इसी दवा की ओवरडोज से हुई थी। वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, इस समझौते के बदले में, सरकारी वकीलों ने मेडिकल रिकॉर्ड में हेराफेरी करने और दवा बांटने के अन्य आरोपों को हटा दिया। तीन अन्य आरोपियों में एरिक फ्लेमिंग, केनेथ इवामासा और मार्क चावेज हैं। तीनों ने भी पहले ही केटामाइन की सप्लाई की साजिश रचने का आरोप स्वीकार कर लिया था। दिवंगत अभिनेता मैथ्यू पेरी के डॉक्टर, साल्वाडोर प्लासेंसिया ने, 'फ्रेंड्स' स्टार की दुखद मौत से पहले उन्हें केटामाइन देने का आरोप स्वीकार कर लिया। लॉस एंजिल्स में हुई एक सुनवाई के दौरान डॉक्टर ने इस दवा की अवैध रूप से चार बार सप्लाई करने की बात मानी। इस दवा का इस्तेमाल आमतौर पर प्रिस्क्रिप्शन एनेस्थेटिक के तौर पर किया जाता है।