'गेम ऑफ थ्रोन्स' फेम माइकल पैट्रिक का 35 साल की उम्र में हुआ निधन; मोटर न्यूरॉन बीमारी से जूझ रहे थे अभिनेता
Michael Patrick Dies: हॉलीवुड अभिनेता माइकल पैट्रिक का मोटर न्यूरॉन रोग से जूझने के बाद 35 साल की उम्र में निधन हो गया। माइकल के निधन की जानकारी उनकी पत्नी ने दी है।
विस्तार
हिट सीरियल 'गेम ऑफ थ्रोन्स' में अपनी भूमिका के लिए मशहूर अभिनेता माइकल पैट्रिक का निधन हो गया है। वह 35 साल के थे। मोटर न्यूरॉन रोग जैसी बिमारी से माइकल लंबे समय से जूझ रहे थे। उनकी पत्नी नाओमी शीहान ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है।
माइकल पैट्रिक को कब हुई यह खतरनाक बीमारी
आयरिश अभिनेता माइकल पैट्रिक को फरवरी 2023 में मोटर न्यूरॉन रोग बीमारी के बारे में पता चला था। यह एक गंभीर बीमारी है, जिसमें सांस लेना, निगलना, बोलना और चलना-फिरना मुश्किल हो जाता है।
माइकल की पत्नी ने दी निधन की सूचना
नाओमी ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'कल रात उत्तरी आयरलैंड के हॉस्पिस में मिक का निधन हो गया। उन्हें 10 दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार और दोस्तों के बीच वे शांतिपूर्वक चले गए।'
View this post on Instagram
उन्होंने आगे लिखा, 'शब्दों में बयान नहीं कर सकते कि हम कितने दुखी हैं। मिक हर किसी के लिए प्रेरणा थे। वे हमेशा आनंद से भरे, हंसते-खेलते और सुनहरे बालों वाले शख्स थे। उन्होंने पूरा जीवन बहुत अच्छे तरीके से जिया।' नाओमी ने एक प्यारा संदेश भी दिया, 'मिक को ब्रेंडन बेहन का यह वाक्य बहुत पसंद था- ‘दुनिया में सबसे जरूरी चीजें हैं- कुछ खाने को, कुछ पीने को और कोई ऐसा व्यक्ति जो आपसे प्यार करे।'
माइकल पैट्रिक का करियर
अभिनेता माइकल पैट्रिक ने मुख्य रूप से 'दिस टाउन', 'ब्लू लाइट्स', 'माई लेफ्ट नट' और डच सीरियल 'द स्पेक्टैकुलर' में अभिनय किया है। वह आरटीई के 'ब्लास्ट्स फ्रॉम द पास्ट' और 'बर्नार्ड डन की मिथिकल हीरोज' में भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। इसके अलावा माइकल ने लोकप्रिय टीवी श्रृंखला 'गेम ऑफ थ्रोन्स' के छठे सीजन के एपिसोड 'द ब्रोकन मैन' में एक वाइल्डलिंग दंगाई की छोटी लेकिन यादगार भूमिका निभाई थी।
यह भी पढ़ें: 'लव इंश्योरेंस कंपनी' की रिलीज से पहले नयनतारा और विग्नेश ने किए तिरुपति मंदिर के दर्शन, देखें वायरल वीडियो