अपने एक्टिंग डेब्यू को तैयार सिंगर बिली एलिश, 'हिट मी हार्ड एंड सॉफ्ट - द टूर' का ट्रेलर रिलीज; जानें कहानी
Billie Eilish Debut Movie: गायक-गीतकार बिली एलिश की पहली फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है। जेम्स कैमरून के सह-निर्देशन में बनी इस फिल्म में जानिए क्या है खास…
विस्तार
सिंगर और गीतकार बिली एलिश अब एक्टिंग में अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। वो दिग्गज फिल्ममेकर जेम्स कैमरून के साथ मिलकर एक नई 3डी कॉन्सर्ट फिल्म 'हिट मी हार्ड एंड सॉफ्ट: द टूर' (लाइव इन 3डी) लेकर आ रही हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया है।
ट्रेलर में क्या है?
जारी किए गए फिल्म के ट्रेलर में एलिश के हाउसफुल वर्ल्ड टूर और कैमरून के साथ उनके सहयोग की झलक दिखाई गई है। कैमरून इस प्रोजेक्ट के सह-निर्देशक हैं। ट्रेलर की शुरुआत में कैमरून कहते हैं, ‘यह आपका शो है। यह आपकी क्रिएटिव सोच है। यह लोगों को चौंका देगा।’
ट्रेलर में दोनों को साथ मिलकर काम करते हुए दिखाया गया है, जिसमें 3डी चश्मे पहने हुए फिल्म के लिए क्रिएटिव फैसलों पर चर्चा करते हुए सीन भी शामिल हैं। एक सीन में एलिश पूछती हैं, ‘यह सब कैसे काम करता है?’ जिस पर कैमरून जवाब देते हैं, ‘हमें कुछ तरकीबें आजमानी होंगी, लेकिन हम इसे शानदार बनाएंगे’। यह फिल्म 8 मई को रिलीज होगी।
एलिश के शोज के पर्दे के पीछे की कहानी दिखाएगी फिल्म
इस फिल्म का उद्देश्य दर्शकों को मंच से परे ले जाना है। उन्हें एलिश के शोज और उनके वर्ल्ड टूर के पर्दे के पीछे के पलों से रूबरू कराना है। यह फिल्म फैंस के साथ उनके घनिष्ठ संबंध को भी उजागर करती है, जिन्हें वह दोस्त कहती हैं।
ट्रेलर में एलिश कहती हैं, ‘मेरे लिए शो का दिन किसी भी आम दिन जैसा ही होता है। मुझे ऐसा लगता है जैसे मैं अपने दोस्तों के साथ समय बिताने जा रही हूं। मैं चाहती हूं कि मुझे ऐसा महसूस हो जैसे मैं और वे साथ हैं।’ कैमरून पूछते हैं, ‘क्या आप उनसे प्यार करती हैं?’ जिस पर एलिश जवाब देती हैं, ‘हां, मैं उनसे प्यार करती हूं। मैं एक ऐसी कलाकार बनना चाहती हूं, जिसकी मैं खुद प्रशंसक बनना चाहूं।’
फिल्म को लेकर उत्सुक हैं दर्शक
पीपुल पत्रिका के अनुसार, यह फिल्म अपनी पीढ़ी की सबसे चर्चित और सफल कलाकारों में से एक द्वारा बड़े पर्दे पर एक इनिशिएटिव म्यूजिक कॉन्सर्ट का अनुभव कराती है। एलिश ने बाद में इंस्टाग्राम पर ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, ‘यह लगभग आ ही गया है!’ जिससे दुनिया भर के प्रशंसकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
