सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   Hollywood ›   Michael Jackson 17th death anniversary king of pop became more famous after death records and contro

Michael Jackson: कभी अदालत तो कभी थिएटर में गूंजता है जैक्सन का नाम, मौत के 17 साल बाद भी अनसुलझे हैं कई सवाल

एंटरटेनमेंट डेस्क,अमर उजाला Published by: गोधूलि श्रीवास्तव Updated Thu, 25 Jun 2026 02:26 PM IST
विज्ञापन
सार

Michael Jackson Death Anniversary: माइकल जैक्सन संगीत की दुनिया के चांद थे। मगर हर चांद को कभी न कभी ग्रहण लगता है। आज उन्हें इस दुनिया को छोड़े 17 साल बीत चुके हैं पर विवादों और आरोपों ने उनका दामन नहीं छोड़ा। उनसे जुड़े कई ऐसे रहस्य उनके निधन के बाद सामने आए जिन्होंने माइकल के फैंस को हिला कर रख दिया। पढ़िए 'माइकल अनटोल्ड' में...

Michael Jackson 17th death anniversary king of pop became more famous after death records and contro
माइकल जैक्सन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

दिन- 25 जून 2009 

समय - दोपहर के 2 बजकर 26 मिनट

आज से 17 साल पहले यही वो वक्त था जब दिन के उजाले में दुनिया का सबसे बड़े पॉपस्टार अपनी आंखें मूंदकर अंधेरे के आगोश में चला गया। 'किंग ऑफ पॉप'- माइकल जैक्सन की आज 17वीं पुण्यतिथि है। माइकल का जीवन एक ऐसा रहस्य था, जिसे पूरी तरह से कोई नहीं जान पाया।
हैरानी की बाद तो यह है कि मरने के बाद वो और ज्यादा चर्चा में रहे। उनकी मौत के 17 साल बाद आज भी वो उतने ही मशहूर हैं। विवादों ने भी कभी माइकल का पीछा नहीं छोड़ा। उनकी स्टेट से लेकर पुराने यौन शोषण के आरोपों तक तरह-तरह की चीजें सामने आती रहीं। इस खबर में जानिए... 
विज्ञापन
विज्ञापन

निधन के बाद भी कैसे जिंदा बने रहे माइकल जैक्सन ? 

 

Michael Jackson 17th death anniversary king of pop became more famous after death records and contro
माइकल जैक्सन - फोटो : सोशल मीडिया
जैक्सन की मौत के जिम्मेदार डॉक्टर
25 जून 2009 को जैक्सन ने दुनिया को अलविदा कहा। उनकी मौत से दुनियाभर में मौजूद उनके फैंस को गहरा झटका लगा। कोई भी यह स्वीकार नहीं कर पा रहा था कि जिसके गानों पर दुनिया थिरकती थी। वह इस तरह नींद में सब छोड़कर चला जाएगा।
जब उनकी मौत का कारण जानने की कोशिश की गई तो एक नाम उभरा डॉक्टर कॉनराड मरे। कॉनराड उनके निजी चिकित्सक थे। आखिरी वक्त में उन्होंने ही सिंगर को प्रोपोफोल का डोज दिया था। प्रोपोफॉल तेजी से काम करने वाली शॉर्ट-एक्टिंग एनेस्थेटिक दवा है जिसका उपयोग मरीजों को बेहोश करने या आराम देने के लिए किया जाता है। 
मामला कोर्ट तक पहुंचा। 2011 में डॉक्टर मरे पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा चलाया गया। मगर आज भी फैंस जैक्सन की मौत को एक षड़यंत्र बताते हैं।

Michael Jackson 17th death anniversary king of pop became more famous after death records and contro
माइकल जैक्सन का घर नेवरलैंड रैंच - फोटो : अमर उजाला
वसीयत में पिता को कुछ नहीं
माइकल जैक्सन ने महज आठ साल की उम्र में कमाना शुरू कर दिया था। उन्होंने अपनी कला के दम पर एक सम्राज्य स्थापित कर लिया था। इसमें एक तरफ अरबों डॉलर की संपत्ती थी तो दूसरी तरफ कर्ज भी था। इस संपत्ती के चलते भी कई बार उनकी मौत को परिवार के कुछ सदस्यों और फैंस ने एक सोची समझी साजिश बताया।
माइकल की वसीयत के अनुसार उनकी पूरी जायजाद तीन हिस्सों में विभाजित थी। यह उनकी मां, उनके बच्चों और चैरिटी को गई। उन्होंने अपने लिए काम करने वाली स्टेट तक को अपनी वसीयत मे हिस्सा दिया, मगर अपने पिता को कुछ भी नहीं दिया।
विज्ञापन

Michael Jackson 17th death anniversary king of pop became more famous after death records and contro
माइकल के रिकॉर्ड - फोटो : अमर उजाला
माइकल के नाम आज भी ये रिकॉर्ड्स
  • 1982 में रिलीज हुआ थ्रिलर (Thriller) दुनिया में सबसे ज्यादा बिकने वाला एल्बम है।
  • 70 लाख डॉलर कीमत में सबसे महंगा संगीत वीडियो ‘स्क्रीम’ बहन जेनेट जैक्सन के साथ फिल्माया।
  • 50 करोड़ लोगों ने जैक्सन का गाना ‘ब्लैक और व्हाइट’ टीवी पर देखा, जब इसे पहली बार प्रसारित किया गया। 
  • 37 हफ्तों तक थ्रिलर एल्बम लगातार शीर्ष पर रहा। यह अमेरिकी चार्ट में रिकाॅर्ड है।
  • 11 साल की उम्र में 'द जैक्सन 5' बैंड के मुख्य गायक के रूप में बिलबोर्ड हॉट 100 में शीर्ष पर पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के गायक बने।
  • 10 लाख से ज्यादा कॉपी निधन के एक हफ्ते में ही बिक गई थीं। एक हफ्ते में 10 लाख से अधिक डिजिटल ट्रैक बेचने वाले इतिहास के पहले कलाकार बने। 
  • 05 दशकों तक (1970 से 2010 के दशक) लगातार बिलबोर्ड हॉट 100 के 'टॉप 10' में जिनके गाने शामिल रहे, माइकल ऐसे दुनिया के एकमात्र कलाकार है।
जैक्सन के 7 अनोखे शौक जिनकी चर्चा आज भी होती है
  1. खुद का पर्सनल अम्यूजमेंट पार्क (नेवरलैंड रेंच)
    कैलिफोर्निया में लगभग 2,700 एकड़ की जमीन पर एक आलीशान महल बनाया। नाम दिया 'नेवरलैंड रेंच'। यहां रोलर कोस्टर, बंपर कार और एक टॉय ट्रेन मौजूद थी। एक निजी सिनेमाघर और चिड़ियाघर भी था। 
  2. अजीबोगरीब जानवर पालना 
    जैक्सन का सबसे पसंदीदा पालतू जीव 'बबल्स' नाम का एक चिंपांजी था। वह जैक्सन के साथ उनके डाइनिंग टेबल पर खाना खाता और सोता था। जैक्सन ने उसे अपना मशहूर 'मूनवॉक' डांस स्टेप भी सिखाया था। चिड़ियाघर में शेर, बाघ, जिराफ, हाथी और कई तरह के जानवर भी पाल रखे थे। 
  3. पुतलों से बात करना  
    माइकल के घर में इंसानों के आकार के कई पुतले थे। वो अक्सर इन बेजान पुतलों को कपड़ों से सजाकर रखते थे। अकेलेपन से बचने के लिए इन पुतलों के सामने खड़े होकर उनसे बातें किया करते थे।  
  4. ऑक्सीजन चैंबर में सोना  
    उम्र को थामने और लंबे समय तक जवान दिखने के लिए माइकल 'हाइपरबेरिक ऑक्सीजन चैंबर' में सोते थे। उनका मानना था कि ऑक्सीजन चैंबर में सोने से वो 150 साल तक जीवित रह सकेंगे।  
  5. महंगी कलाकृतियां और मूर्तियां खरीदना  
    जैक्सन को आर्ट का शौक था। पसंद भी काफी अनोखी थी। दुनिया भर से बच्चों, परियों और  फैंटसी किरदारों की महंगी संगमरमर की मूर्तियाँ और पेंटिंग्स खरीदते थे। उन्हें पीटर पैन का किरदार इतना पसंद था कि वे खुद को भी असल जिंदगी का पीटर पैन मानते थे। 
  6. हमेशा मास्क और दस्ताने पहनना  
    जैक्सन को बीमारियों और कीटाणुओं से बहुत डर लगता था। सार्वजनिक जगहों पर अक्सर चेहरे पर मास्क और हाथों में सफेद दस्ताने पहनकर निकलते थे। किसी से हाथ मिलाने के बाद भी तुरंत अपने हाथ साफ करते थे।  
  7. प्लास्टिक सर्जरी का जुनून  
    एक वक्त जैक्सन को अपना लुक बदलने का जुनून हो गया था। उन्होंने अपनी नाक, ठुड्डी और गालों की दर्जनों प्लास्टिक सर्जरी करवाईं। वो लगातार अपने चेहरे को बदलते रहे।

Michael Jackson 17th death anniversary king of pop became more famous after death records and contro
बबल्स के साथ माइकल - फोटो : X
कोर्ट से बरी मगर आरोपों में कैद रहे माइकल
सिंगर माइकल जैक्सन पर अलग-अलग परिवार को बच्चों ने 1993 से 2003 तक यौन शोषण के आरोप लगाए। मगर कोर्ट मे जब मामला पेश हुआ तो इन सभी आरोपों को साबित करने में ही सरकारी वकीलों के पसीने छूट गए। ज्यादातर बच्चों के बयान कोर्ट में साबित न हो सके।
माइकल के खिलाफ इन यौन अपराधों के कोई ठोस सबूत नहीं मिले। हाल ही में रिलीज हुई डॉक्यूमेंट्री 'माइकल जैक्सन: द वर्डिक्ट' में भी माइकल पर लगे सभी आरोप और इन सब से जुड़े हुए लोगों ने अपने पक्ष रखे। माइकल के कई मामले अब तक उनकी स्टेट संभाल रही है। जानिए क्या हैं ये विवाद?

2005 में कोर्ट पहुंचा यौन शोषण का मामला 
  • 31 जनवरी 2005 में माइकल जैक्सन पर पर यौन शोषण का मुकदमा शुरू किया गया।
  • उस वक्त ट्रायल के दौरान माइकल आरोपों से ज्यादा अपनी इमेज को लेकर परेशान थे।
  • अमेरिकी पत्रकार डायने डिमांड ने जैक्सन के घर नेवरलैंड में पड़ी रेड के बारे में जानकारी दी।
  •  इस कानूनी जांच के दौरान माइकल की छवि को काफी नुकसान पहुंचा।




विंसेट ऐमन का चौंकाने वाला दावा
विंसेट ऐमन पूर्व में माइकल जैक्सन के नेवरलैंड रैंच में काम करते थे। उन्होंने बताया कि उन्हें माइकल पर पूरा भरोसा था। मगर फिर एक दिन ऐसा आया कि उनका भरोसा पूरी तरह हिल गया। उन्होंने कहा कि एक दिन माइकल के निजी सहायक के तौर पर काम करने वाले फ्रैंक टायसन ने उन्हें कुछ ऐसा बताया जिससे उनके भरोसे को बड़ा झटका लगा। फ्रैंक, माइकल के साथ 5 साल की उम्र से थे। बाद में वो ही माइकल के निजी सहायक बन गए।
माइकल के निजी कक्ष को साफ रखना फ्रैंक की ही जिम्मेदारी थी। एक दिन माइकल ने उनसे एक काले रंग का बैग ठिकाने लगाने कहा। फैंक ने बताया कि उस बैग में बच्चों से जुड़ी कई आपत्तिजनक साम्रगी थी।

Michael Jackson 17th death anniversary king of pop became more famous after death records and contro
माइकल जैक्सन के साथ वेड रॉबसन - फोटो : सोशल मीडिया
वेड रॉबसन ने भी लगाए आरोप 
रॉबसन बचपन से ही डांस के शौकीन थे। इसके साथ ही वह माइकल के बड़े फैन थे। दोनों कारणों से वह जल्दी माइकल के करीब हो गए। 2013 में रॉबसन ने ही माइकल के खिलाफ यौन शोषण के आरोप लगाए। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि जैक्सन ने उनका सात साल की उम्र से 14 साल की उम्र तक शोषण किया।
मगर इस मुकदमे में समय सीमा बीत जाने की वजह से अदालत ने इसे खारिज कर दिया। 2017 में नए कानून आने के बाद इस मामले को फिर से खोला गया। 2005 में अपनी गवाही में रॉबसन ने माइकल का बचाव किया था। 2019 में आई डॉक्यूसीरीज 'लीविंग नेवरलैंड' में उन्होंने फिर माइकल के द्वारा किए गए शोषण की बात को स्वीकारा।

2010 में एल्बम को लेकर हुआ विवाद
माइकल जैक्सन के निधन के बाद उनका एल्बम 'माइकल' रिलीज हुआ। विवाद ने तूल तब पकड़ा जब माइकल के परिवार ने आरोप लगाए कि इस एल्बम में तीन गाने माइकल की आवाज में नहीं है। सोनी म्यूजिक ने दावा किया कि एडवर्ड कैसियो के घर इन गानों की रिकार्डिंग हुई। मगर विवाद बढ़ता देख सोनी म्यूजिक ने इन गानों को विभिन्न प्लेटफॉर्म से हटा दिया।

Michael Jackson 17th death anniversary king of pop became more famous after death records and contro
1988 में माइकल जैक्सन के साथ जेम्स सेफचक - फोटो : सोशल मीडिया
2014 में  जेम्स सेफचक ने किया परिवार पर मुकदमा
 जेम्स सेफचक पहली बार माइकल जैक्सन से दस साल की उम्र में पेप्सी के विज्ञापन के दौरान मिले थे। जेम्स ने अपने मुकदमे में दावा किया कि चार साल में माइकल ने 100 बार से ज्यादा उनका यौन शोषण किया। जेम्स ने कहा कि माइकल ने उनके माता -पिता को अच्छा जीवन जीने का सपन दिखाकर उनका शोषण किया।

2019 में रिलीज हुई 'लीविंग नेवरलैंड'
जनवरी 2019 में रिलीज हुई डॉक्यूमेंट्री 'लीविंग नेवरलैंड' ने अपनी रिलीज के बाद से ही हंगामा मचा दिया। इस सीरीज में इन्हीं दो व्यक्तियों जेम्स सेफचक और वेड रॉबसन की कहानी दिखाई गई, जिन्होंने माइकल पर आरोप लगाए थे। उन्होंने अपने पक्ष सामने रखा। नेवरलैंड तक उनका पहुंचना और वहां उन्होंने जो अनुभव किए, वो सब उन्होंने डॉक्यूसीरीज 'लीविंग नेवरलैंड' में साझा किए जिसके बाद खूब हंगामा हुआ।

Michael Jackson 17th death anniversary king of pop became more famous after death records and contro
जाफर जैक्सन, माइकल जैक्सन - फोटो : सोशल मीडिया
2020 में फिर किया मुकदमा
माइकल जैक्सन पर बनाई गई डॉक्यूमेंट्री 'लीविंग नेवरलैंड' काफी विवादास्पद थी। इसके साथ ही जेम्स सेफचक और वेड रॉबसन ने दोबारा जैक्सन स्टेट में हुए शोषण के लिए मुकदमा दायर किया। इस केस में उन्होंने कहा कि जैक्सन की कंपनियों का कर्तव्य था कि वो उन्हें शोषण से बचाएं।
हालांकि, 2021 में अदालत ने उनके यह आरोप खारिज कर दिए। कारण यह दिया गया कि जैक्सन की कंपनियां किसी की सुरक्षा के लिए बाध्य नहीं हैं। मगर 2023 में इस मामले में फिर से याचिका लगाई गई। जिसे कोर्ट ने स्वीकृति दे दी।

अधूरी बयोपिक 'माइकल'
हाल ही में माइकल जैक्सन एक बार फिर चर्चा में आए। उनके जीवन पर आधारित बाॉयोपिक 'माइकल' 24 अप्रैल 2026 को रिलीज हुई। फिल्म में माइकल जैक्सन का किरदार उनके भतीजे जाफर जैक्सन ने ही निभाया। फिल्म में माइकल के बचपन से लेकर उनके पॉपस्टर बनने तक का सफर पेश किया गया। अभी इसका दूसरा पार्ट आना बाकी है फिर भी इस फिल्म को मिली सफलता ने यह साबित किया कि माइकल आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं। कुछ के दिलों में फैन की तरह, तो कुछ के दिलों में सवाल की तरह...। 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें मनोरंजन समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। मनोरंजन जगत की अन्य खबरें जैसे Bollywood News, लाइव टीवी न्यूज़, लेटेस्ट Hollywood News और मूवी रिव्यु आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed