'मां का सम' में मोना सिंह दिखाएंगी सिंगल मदर्स का नया रूप, बोलीं- ‘उनकी भी अपनी जिंदगी है'
Mona Singh on Maa Ka Sum: अभिनेत्री मोना सिंह जल्द ही रिलीज होने वाली सीरीज 'मां का सम' में सिंगल मदर का किरदार निभाएंगी। जानें इस बारे में उन्होंने क्या कहा?
विस्तार
एक्ट्रेस मोना सिंह हाल ही में रिलीज हुई क्राइम थ्रिलर 'सूबेदार' में नजर आई थीं। अब वो नई सीरीज 'मां का सम' में नजर आने वाली हैं। माफिया क्वीन बनने के बाद अब वो एक सिंगल मदर के रोल में नजर आएंगे। माेना ने हाल ही में अपने इस रोल की खासियत बयां की।
यह किरदार थोड़ा अलग है
अपने किरदार का जिक्र करते हुए मोना ने कहा, ‘मैंने पहले भी मां के किरदार निभाए हैं, लेकिन विनीता मुझे काफी अलग लगी। उसे उस परफेक्ट और त्याग करने वाली मां की तरह नहीं लिखा गया है, जैसा हम कई साल से देखते आ रहे हैं। काफी समय से हमने मांओं को एक ऊंचे दर्जे पर बिठा दिया है, जहां उनकी पूरी पहचान बस त्याग और बलिदान तक सिमट कर रह जाती है।’
आज के दौर का है यह रोल
मोना ने आगे कहा, ‘मेरा किरदार विनीता इसी सोच को तोड़ती है। वो एक मां है, लेकिन एक ऐसी औरत भी है जिसकी अपनी अलग जिंदगी, अपनी पसंद और अपनी इच्छाएं हैं। उसे साथ की तलाश है, वो डेटिंग के लिए तैयार है और अपनी शर्तों पर चीजें समझ रही है। यही ईमानदारी मुझे इस किरदार की तरफ खींच ले गई। यह बहुत असली और आज के दौर का किरदार लगा।’
युवा दर्शकों पर पड़ेगा प्रभाव
अपने किरदार पर विस्तार से चर्चा करते हुए माेना ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह किरदार बहुत जरूरी है, खासकर युवा दर्शकों के लिए। इसे देखने के बाद वो अपनी मांओं को सबसे पहले एक इंसान के तौर पर देखेंगे। उनके भी सपने होते हैं, भावनाएं होती हैं और माता-पिता होने के अलावा भी एक अपनी जिंदगी होती है। अगर यह कहानी लोगों को इस बात को समझने और अपनाने में थोड़ी भी मदद कर सके, तो मुझे लगता है कि यह एक बहुत अच्छी बात होगी।’
'मां की सम' की कहानी एक 19 साल के मैथ जीनियस के इर्द-गिर्द बुनी गई है जो अपनी मां की लव लाइफ को मैथ, एल्गोरिदम और लॉजिक से 'सुलझाने' की कोशिश कर रहा है। इस सीरीज में मोना सिंह के अलावा मिहिर आहूजा, अंगिरा धर और रणवीर बरार लीड रोल्स में नजर आएंगे। सीरीज 3 अप्रैल से प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।