'एक ही तो दिल है, कितनी बार जीतोगे'; प्रीति जिंटा ने मैच के दौरान घायल हुए फैन का जाना हाल तो बोले फैंस
Preity Zinta: पंजाब किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच के दौरान घायल हुए 62 वर्षीय कृष्ण चंद को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। हाल ही में अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने वीडियो कॉल के जरिए उनका हालचाल लिया। इसके बाद नेटिंजस उनकी तारीफ कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीते दिनों पंजाब किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच के दौरान कृष्ण चंद नाम के एक फैन घायल हो गए थे। बल्लेबाज प्रियांश आर्य के छक्के से कृष्ण चंद को चोट लगी थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी मिल चुकी है। इसके बाद प्रीति जिंटा और प्रियांश आर्य ने 62 वर्षीय फैन कृष्ण चंद का वीडियो कॉल पर हालचाल लिया। इस पर नेटिजंस पंजाब किंग्स की सह-मालकिन व एक्ट्रेस प्रीति जिंटा की तारीफ कर रहे हैं। साथ ही टीम की तारीफ कर रहे हैं।
प्रीति जिंटा ने कृष्ण चंद को धर्मशाला के लिए दिया न्योता
प्रीति जिंटा ने न सिर्फ कृष्ण चंद का हालचाल पूछा, बल्कि उन्हें भविष्य में धर्मशाला में पंजाब किंग्स का मैच लाइव देखने के लिए खास निमंत्रण दिया। उन्होंने मजाकिया लेकिन प्यारे अंदाज में कहा कि जब वह स्टेडियम आएंगे तो उनके लिए हेलमेट तैयार रखा जाएगा, ताकि वे बिना किसी चिंता के मैच का आनंद ले सकें। यह छोटा सा वादा फैंस के लिए बड़े सम्मान जैसा माना जा रहा है। पंजाब किंग्स के सोशल मीडिया हैंडल से साझा किया गया यह वीडियो वायरल हो रहा है।
यूजर ने कहा- 'एक ही दिल है, कितनी बार जीतोगे'
प्रीति जिंटा के इस अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया है। यूजर्स लिख रहे हैं, 'एक ही तो दिल है, कितनी बार जीतोगी'। एक यूजर ने लिखा, 'हम सोचते ही हैं कि पंजाब किंग्स के लोग इससे अच्छा क्या करेंगे और ये उससे भी कुछ अच्छा करके दिखा देते हैं'। एक यूजर ने लिखा, 'दिल तो पंजाब किंग्स ही जीत रही है'।
कब हुआ था हादसा?
यह घटना 19 अप्रैल को न्यू चंडीगढ़ स्थित न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पंजाब किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स मुकाबले के दौरान हुई थी। पारी के चौथे ओवर में प्रियांश आर्य के बल्ले से निकला छक्का हरभजन स्टैंड ए में जा पहुंचा और सीधे कृष्ण चंद के चेहरे पर लग गया। चोट लगने के कारण उनके चेहरे से खून निकलने लगा। स्टेडियम में मौजूद मेडिकल टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल की एंबुलेंस से क्लिनिक भेजा गया।