‘किंग’ में दीपिका से रोमांस करेंगे शाहरुख, फिल्म को लेकर एसआरके बोले- ‘आप इसकी आलोचना कर सकते हैं’
Shah Rukh Khan On King: शाहरुख खान ने अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। इसके बाद अब फैंस फिल्म को लेकर और भी उत्साहित हो गए हैं।
विस्तार
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में शाहरुख के 60वें जन्मदिन के मौके पर फिल्म से उनका लुक और टाइटल रिवील किया गया। इसने सामने आते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया और व्यूज के मामले में रिकॉर्ड स्थापित कर दिए। वहीं जन्मदिन पर एक फैन मीट के दौरान शाहरुख ने फिल्म से जुड़े कई सवालों के भी जवाब दिए। इसी दौरान शाहरुख ने इशारों-इशारों में ये भी कंफर्म कर दिया कि फिल्म में उनका और दीपिका का लव एंगल होगा।
धीरे-धीरे आपको फिल्म के बारे में मिलेगी जानकारी
फैन मीट के दौरान एक प्रशंसक ने शाहरुख से ‘किंग’ के कॉन्सेप्ट के बारे में पूछा। हालांकि, इस पर शाहरुख ने साफ कहा कि मैं फिल्म के बारे में अभी ज्यादा कुछ भी आपको नहीं बता सकता हूं। जैसे-जैसे और भी चीजें सामने आएंगी, आपको फिल्म के बारे में अधिक पता चलेगा। फिल्म में कई किरदार हैं। फिल्म का मकसद यह है कि जब हम चीजों को व्यक्तिगत रूप से लेते हैं, तो हम बड़े फैसले लेते हैं। हमें सोचना चाहिए कि हम जो कर रहे हैं वह सही है या नहीं। साथ ही हम 'किंग' में किसी का पक्ष नहीं लेंगे। अगर आपको हमारा आइडिया पसंद आए, तो इसे जरूर अपनाएं। या फिर आप इसकी आलोचना भी कर सकते हैं।
फिल्म में होगा शाहरुख-दीपिका का लव एंगल
इस इवेंट के दौरान एक प्रशंसक ने चिल्लाकर कहा कि उनके मन में शाहरुख के लिए बहुत सारा प्यार है। इस पर तुरंत ही शाहरुख ने मजेदार अंदाज में कहा कि मेरे साथ फिल्म में दीपिका पादुकोण भी हैं। इसलिए प्यार तो जरूर ही होगा। शाहरुख के इस बयान के बाद ही ऐसे कयास लगाए जाने लगे हैं कि फिल्म में दीपिका और शाहरुख के बीच लव एंगल दिखाया जाएगा। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
यह खबर भी पढ़ेंः बड़ी दीदी को ढूंढने निकलीं डीसीपी वर्तिका चतुर्वेदी, ‘दिल्ली क्राइम 3’ के ट्रेलर में दिखा हुमा का खूंखार अवतार
अभी तक सामने नहीं आई रिलीज डेट
‘किंग’ अगले साल 2026 में रिलीज होनी है। अभी तक फिल्म की रिलीज डेट सामने नहीं आई है। इस फिल्म में एक बड़ी स्टारकास्ट नजर आएगी। ‘किंग’ में शाहरुख के साथ उनकी लाडली सुहाना खान भी नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में दीपिका पादुकोण, जयदीप अहलावत, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी और जैकी श्रॉफ भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
