‘टॉक्सिक’ की कहानी को लेकर यश ने किया बड़ा खुलासा, बोले- काफी परतदार है फिल्म; बताया क्या है इसकी खासियत
Yash On Toxic Storyline: यश ने अपनी आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर बात की। एक्टर ने बताया क्या है फिल्म की कहानी और क्यों बाकियों से अलग है ‘टॉक्सिक’...
विस्तार
कन्नड़ स्टार यश इस साल दो बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। इनमें एक है उनके द्वारा लिखित और स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ और दूसरी है नितेश तिवारी की ‘रामायण’। हाल ही में यश ने ‘टॉक्सिक’ को लेकर जानकारी दी और फिल्म की कहानी के बारे में बताया। उन्होंने फिल्म में अलग तरह के एक्शन और कहानी के अनोखे नजरिए के बारे में भी बात की।
हर सीन में कुछ अलग होना चाहिए
हाल ही में लास वेगास में सिनेमाकॉन में अपनी फिल्म 'रामायण' की झलक दिखाई और ‘रामायण’ के पहले पार्ट को लेकर बात भी की। इसी दौरान यश ने ‘टॉक्सिक’ के बारे में भी कुछ बातें बताईं। एक्टर ने फिल्म के एक्शन और भावनाओं के अलग दृष्टिकोण पर बात करते हुए कहा कि जिस पैमाने और तीव्रता के साथ फिल्म बनी है, हर सीन में कुछ न कुछ अलग होना चाहिए। विविधता होनी चाहिए। एक्शन में एक अलग शैली, एक अलग रूप अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक्शन में गहराई होनी चाहिए। आपको दर्द महसूस होना चाहिए। असल में दिमाग खुल जाना चाहिए। इसीलिए हम सभी को सिनेमा पसंद है।
इंसान की भावनाओं की बात करती है ‘टॉक्सिक’
‘टॉक्सिक’ की कहानी के उद्देश्य के बारे में यश ने कहा कि जब आप कोई फिल्म देखते हैं, तो हम फिल्में क्यों देखते हैं? क्योंकि जीवन में हर कोई हर भावना का अनुभव नहीं कर सकता। इसलिए जब आप कोई फिल्म देखते हैं, तो आप किसी के जीवन से गुजरते हैं और आप समस्याओं या दर्द को समझते हैं। इंसानों की भावनाओं की सबसे गहरी भावनाओं, सबसे गहरी दुविधाओं को इस फिल्म में दिखाया गया है या कम से कम हमने ऐसा करने का प्रयास किया है।
यह बहुत परतदार है। यह सीधे तौर पर नहीं दिखाया गया है। ऐसा नहीं है कि हम इसे जबरदस्ती थोप रहे हैं और कह रहे हैं कि यह डार्कनेस का पक्ष है। नहीं, यह बहुत परतदार है सांकेतिक और भावनात्मक तरीके से। उनका मानना है कि यही खासियत फिल्म को दर्शकों से जोड़ने का तरीका है।
लव स्टोरी है ‘टॉक्सिक’
‘टॉक्सिक’ को एक लव स्टोरी बताते हुए यश ने कहा कि यह एक प्रेम कहानी है। इसमें एक गहरी प्रेम कहानी छिपी है। यह पिता-पुत्र के बदले की गाथा है। इसलिए मुझे लगता है कि इसे बहुत अच्छे से डिजाइन किया गया है। कच्ची भावनाओं और परतदार कहानी कहने का यही मिश्रण फिल्म को अलग बनाता है, जो भव्यता और गहराई दोनों का वादा करती है। इससे पहले यश ने ‘टॉक्सिक’ की तुलना ऑस्कर विजेता फिल्म सिनर्स से भी की थी।
गीतू मोहनदास द्वारा निर्देशित और यश व गीतू मोहनदास द्वारा लिखित ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का दर्शकों को बेसब्री से इंतजरा है। फिल्म में यश के अलावा नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया सहित कई कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। पहले 19 मार्च को रिलीज होने वाली ‘टॉक्सिक’ अब 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह एक पैन इंडिया फिल्म है।
