KSBKBT 2: नोयना पर फूटा मिहिर का गुस्सा; दिया शांति निकेतन छोड़ने का ऑर्डर, क्या फिर होगी तुलसी की वापसी?
Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2 Update: टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में नोयना की वजह से मिहिर और तुलसी के बीच दूरियां आईं। पिछले छह साल से नोयना शांतिनिकेतन में विरानी परिवार को अपने हिसाब से चला रही है। मगर, अब मिहिर ने नोयना को घर छोड़ने का आदेश दे दिया है। जानिए क्यों?
विस्तार
सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' का दूसरा सीजन भी खूब पसंद किया जा रहा है। टीआरपी की रेस में भी यह टॉप पर है। बीते एपिसोड में देखा कि नोयना ने मिहिर और तुलसी के तलाक के पेपर बापजी को चुपचाप भेज दिए। जब यह सच्चाई सामने आई तो मिहिर का पारा हाई हो गया। सरेआम विरानी परिवार की इज्जत उछालने पर मिहिर का गुस्सा नोयना पर फूट पड़ा है।
देव-सलोनी की शादी की रस्मों के बीच चिल्लाने लगा मिहिर
नोयना की चालबाजी के बाद बापजी ने तुलसी और मिहिर पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने देव के साथ सलोनी का रिश्ता तक तोड़ दिया। मगर, सलोनी की जिद के आगे झुकना पड़ा। सलोनी और देव की शादी हो चुकी है। सलोनी दुल्हन बनकर शांति निकेतन आई है और शादी से जुड़ी रस्में चल रही हैं। तभी अचानक मिहिर गुस्से में चिल्लाने लगता है। सभी सदस्य हैरान रह जाते हैं। मिहिर से नोयना नाराजगी की वजह पूछती है। इस पर मिहिर उस पर आग बबूला होता है।
मिहिर ने नोयना से कहा 'घर से निकलो'!
मिहिर की नाराजगी देख नोयना इमोशनल होने का ड्रामा करती है। वह अपने प्यार की दुहाई देते हुए कहती है कि मैं पिछले छह साल से शांति निकेतन में बिना किसी रिश्ते के रह रही हूं। मगर, नोयना की बातों का इस बार मिहिर पर कोई असर नहीं होता। वह कहता है कि मैंने तुम्हें यहां आकर रहने को नहीं कहा था। अगर तुम चाहती हो तो शांति निकेतन छोड़कर जाओ। मैं तुम्हें नहीं रोकूंगा। मिहिर की यह बात सुन नोयना आहत हो जाती है। अपने कमरे में जाकर सूटकेस पैक कर फूट-फूटकर रोती है।
झूठ पर टिका है नोयना और मिहिर का रिश्ता
नोयना को रोते देख उसकी बहन सुचित्रा मिहिर के पास आकर हाथ जोड़ती है और कहती है कि उसकी दीदी को वह रोक ले, नहीं तो इस बार वह अपनी जान ले लेगी। इसी के साथ आगामी एपिसोड के प्रोमो में दिखाया गया है कि नोयना और मिहिर का रिश्ता एक झूठ पर टिका है। नोयना कहती है कि उस रात मिहिर और मेरे बीच कुछ हुआ ही नहीं था। मगर, यह सच्चाई मैं कभी सामने नहीं आने दूंगी। देखना दिलचस्प होगा कि नोयना का झूठ जब सबके सामने आएगा तो तुलसी और महिर क्या फैसला लेते हैं? क्या तुलसी फिर शांति निकेतन में लौटेगी?