शाहरुख की 'किंग' के टाइटल टीजर ने बनाया रिकॉर्ड, जानें सबसे ज्यादा देखे जाने वाले टीजर में कितने नंबर पर फिल्म
Top Indian Movie Teasers with Most Views in 24 Hours: शाहरुख खान की फिल्म किंग के टाइटल टीजर ने 24 घंटे में 28 मिलियन व्यूज हासिल करके टॉप 10 फिल्मों के टीजर की लिस्ट में अपनी जगह बना ली है। चलिए आपको बताते हैं बाकी की लिस्ट के बारे में।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
2 नवंबर को शाहरुख खान के 60वें जन्मदिन पर रिलीज हुआ उनकी नई फिल्म ‘किंग’ का फर्स्ट लुक टीजर सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। महज 24 घंटे में इस टीजर ने 28 मिलियन व्यूज और पांच लाख से अधिक लाइक्स बटोर लिए। फिल्म ‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं और इसमें शाहरुख खान के साथ सुहाना खान भी दिखाई देंगी। यह फिल्म 2025 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिनी जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि इस टीजर ने रिलीज के सिर्फ 24 घंटे में भारत की सबसे ज्यादा देखी गई फिल्मों के टीजर की टॉप 10 लिस्ट में जगह बना ली है। अब बात करते हैं उस शानदार टॉप 10 लिस्ट की जिसमें ‘किंग’ ने नौवें नंबर पर एंट्री की है और जिसमें दक्षिण से लेकर बॉलीवुड तक की दिग्गज फिल्मों ने तहलका मचाया था।
सबसे ऊपर है ‘सालार: पार्ट 1- सीजफायर’ का टीजर, जिसने रिलीज के 24 घंटे में 83 मिलियन व्यूज हासिल किए थे। प्रभास की इस एक्शन थ्रिलर को प्रशांत नील ने डायरेक्ट किया था और यह 22 दिसंबर 2023 को सिनेमाघरों में आई थी। प्रभास और पृथ्वीराज सुकुमारन की दमदार जोड़ी और केजीएफ जैसी ग्रिट के चलते यह टीजर लॉन्च होते ही वायरल हो गया था।
दूसरे नंबर पर है ‘आदिपुरुष’ का टीजर, जिसने 24 घंटे में 68.96 मिलियन व्यूज हासिल किए थे। ओम राउत के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रभास ने भगवान राम और सैफ अली खान ने रावण का किरदार निभाया था। हालांकि बाद में फिल्म को मिक्स रिस्पॉन्स मिला, लेकिन टीजर ने इंटरनेट पर रिकॉर्ड तोड़ लोकप्रियता पाई थी।
तीसरे स्थान पर आता है ‘केजीएफ चैप्टर 2’ का टीजर। यश स्टारर इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का टीजर 68.83 मिलियन बार देखा गया था। प्रशांत नील की इस फिल्म ने सिनेमाघरों में इतिहास रचा और टीजर रिलीज के साथ ही फैंस में जबरदस्त जोश देखने को मिला।
‘राधे श्याम’ चौथे नंबर पर है, जिसने 24 घंटे में 42.66 मिलियन व्यूज हासिल किए। इस रोमांटिक ड्रामा में प्रभास और पूजा हेगड़े की जोड़ी थी और फिल्म का निर्देशन राधा कृष्ण कुमार ने किया था। यूरोपीय बैकड्रॉप पर बनी इस फिल्म के टीजर ने अपने शानदार विजुअल्स से दर्शकों को दीवाना बना दिया था।
यह खबर भी पढ़ें: ‘हक’ से पहले देखें यामी गौतम की ये फिल्में, ‘विकी डोनर’ से लेकर ‘अ थर्सडे’ तक; ऐसा रहा अभिनेत्री का फिल्मी सफर
पांचवे नंबर पर है ‘पुष्पा 2: द रूल’, जिसने 39.36 मिलियन व्यूज पाए। अल्लू अर्जुन के इस धमाकेदार टीजर को 2024 में रिलीज किया गया था और यह देखते ही देखते सोशल मीडिया ट्रेंड बन गया था। निर्देशक सुकुमार की इस फिल्म ने पहले ही पार्ट की लोकप्रियता को दोगुना कर दिया।
छठे स्थान पर आती है शाहरुख खान की ही ‘डंकी’। इस फिल्म के टीजर ने 36.8 मिलियन व्यूज के साथ यूट्यूब पर तूफान मचा दिया था। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख के साथ तापसी पन्नू नजर आईं और इस फिल्म ने दिल को छू लेने वाली इमोशनल कहानी से दर्शकों का दिल जीत लिया था।
सातवें नंबर पर है ‘द राजा साब’, जिसने 31.3 मिलियन व्यूज बटोरे थे। प्रभास स्टारर इस फिल्म का निर्देशन मारुति दासारी ने किया था। हल्के-फुल्के रोमांस और कॉमेडी के साथ प्रभास का यह नया अवतार दर्शकों को खूब पसंद आया था।
आठवें नंबर पर आती है अजय देवगन की ‘मैदान’, जिसने 29.5 मिलियन व्यूज दर्ज किए। अमित शर्मा के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारतीय फुटबॉल के स्वर्ण युग पर आधारित है। अजय देवगन ने इसमें कोच सैयद अब्दुल रहीम का किरदार निभाया था, और टीजर रिलीज होते ही खेल प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया था।
नौवें स्थान पर शाहरुख खान की ‘किंग’ ने 28 मिलियन व्यूज हासिल कर धमाकेदार एंट्री की है। फिल्म के टीजर में शाहरुख का एक गहरा, रहस्यमयी और एक्शन से भरपूर लुक देखने को मिला, जिसने फैंस को पुराना SRK याद दिला दिया।
दसवें नंबर पर है सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ का टीजर, जिसने 24 घंटे में 21.4 मिलियन व्यूज हासिल किए थे। अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान और कैटरीना कैफ की जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। हालांकि भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने कुछ खास कमाल नहीं किया था।