‘तेरी दुल्हन सजाऊंगी…’, इश्क बदला तो सुजैन ने निभाई दोस्ती, प्रकाश कौर ने दुनिया को दिया मुंहतोड़ जवाब
Valentine Week 2026: ‘प्यार दोस्ती है…’ शाहरुख खान का यह मशहूर संवाद बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटी कपल पर जंचता है। ये वो हैं जिनका रिश्ता टूटा मगर साथ न छूटा। ये वो हैं जिनके पार्टनर ने इनकी दूसरी शादी को भी स्वीकार किया। अब इनमें से कुछ ने इश्क की खातिर समझौता किया तो किसी ने तलाक के बाद भी दोस्ती निभाई। आज पढ़ें ऐसे ही कपल्स की कहानी…
विस्तार
‘वो नहीं मेरा मगर उससे मोहब्बत है तो है
ये अगर रस्मों रिवाजों से बगावत है तो है…’
दीप्ति मिश्र के लिखे ये शब्द बॉलीवुड के कई कपल के रिश्ते पर सटीक बैठते हैं। बॉलीवुड की कुछ जोड़ियां ऐसी ही हैं जिन्होंने अपने पार्टनर के साथ प्यार से ज्यादा दोस्ती का रिश्ता निभाया। जब रिश्तों में किसी तीसरे की एंट्री हुई तो उन्होनें न सिर्फ उन्हें अपनाया बल्कि समाज में इज्जत भी दिलाई।
वैलेंटाइन स्पेशल वीक की छठी कड़ी में आज पढ़िए बॉलीवुड के ऐसे कपल्स की कहानी जिनकी जिंदगी में अकेलापन रहा, यादें रहीं, जुदाई भी रही पर उनकी मोहब्बत अलग होने के बाद भी कायम रही।
सलीम खान और सलमा खान
सलमान खान की इश्क की कई दास्तां हैं। मगर उनके पिता सलीम भी इश्क में हाथ आजमाने से कभी पीछे नहीं रहे। सलीम की पहली मोहब्ब्त थीं सुशीला चरक। मुंबई के माहिम इलाके में दोनो एक-दूसरे के पड़ोसी थे। 17 साल की सुशीला से 24 साल के सलीम रोज मिलने लगे और दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया।
सुशीला के पिता डेंटिस्ट थे और सुशीला की शादी करवाना चाहते थे। उन्हें सलीम पसंद आए और रिश्ता तय हुआ। शादी के बाद सुशीला काे नया नाम मिला- सलमा खान।
आगे चलकर सलीम मशहूर फिल्म राइटर बने। 1978 में फिल्म ‘डॉन’ के सेट पर पहली बार उनकी मुलाकात हेलेन से हुई। दोनों अच्छे दोस्त बन गए और सलीम काम दिलाने में उनकी मदद करने लगे।
सलीम खान पहली पत्नी सलमा और दूसरी पत्नी हेलेन (बाएं) के साथ
कुछ वक्त बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और चार साल बाद 1980 में सलीम ने हैलेन ने शादी कर ली। इस बात ने सलमा खान को गहरा झटका तो दिया मगर आगे चलकर उन्हाेंने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया।
हेलेन ने भी सलमा के बेटों सलमान, सोहेल और अरबाज को मां की तरह अपनाया। आगे चलकर सलीम और हेलेन ने अर्पिता खान को गोद लिया। आज खान परिवार के हर छोटे-बड़े फैमिली इवेंट में सलीम, सलमा और हेलेन एक साथ नजर आते हैं। सलमा खान का सलीम के प्रति सच्चा प्यार और उनका समर्पण आज भी उनके परिवार को जोड़कर रखता है।
धर्मेंद्र और प्रकाश कौर
बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले धर्मेंद्र की पहली शादी प्रकाश कौर से हुई थी। इस अरेंज मैरिज के वक्त धर्मेंद्र मात्र 19 साल के थे और प्रकाश 17 कीं। आगे चलकर 50 के दशक में धर्मेंद्र एक्टर बनने मुंबई आ गए। वहीं प्रकाश ने घर पर रहकर बच्चों की देखभाल का जिम्मा उठाया।
रिश्ते को धक्का तब लगा जब धर्मेंद्र और हेमा मालिनी के बीच इश्क की चर्चा शुरू हुई। प्रकाश को भी इसका अंदाजा हो गया लेकिन चार बच्चों की मां ने धैर्य से काम लिया।
प्रकाश कौर के साथ धर्मेंद्र
धर्मेंद्र की भावनाओं को एक दोस्त की तरह समझा और हेमा से शादी की इजाजत दे दी। हालांकि, यह शर्त रखी कि धर्मेंद्र कभी भी प्रकाश को तलाक नहीं देंगे। 1980 में धर्मेंद्र और हेमा ने शादी कर ली। इस शादी के बाद जब दोनों की आलोचना हुई तो प्रकाश ने ही दोनों का सपोर्ट किया। उन्होंने एक इंटरव्यू में साफ कहा था कि जब मुझे कोई परेशानी नहीं तो लोगों को क्या ही तकलीफ है?
हेमा ने अपनी आत्मकथा में बताया था कि वो धर्मेंद्र से शादी करने से पहले एक-दो बार उनकी पत्नी से मिली थीं पर शादी के बाद वो कभी उनके सामने नहीं गईं। प्रकाश ने सबकुछ सहा पर कभी अपना घर टूटने नहीं दिया।
बोनी कपूर और मोना कपूर
प्रोड्यूसर बोनी कपूर की पहली शादी मोना सिंह से साल 1983 में हुई थी। तब मोना 19 और बोनी 29 साल के थे। 1987 तक तो दोनों के जीवन में सबकुछ ठीक चला पर फिर ‘मिस्टर इंडिया’ के सेट पर बोनी की मुलाकात श्रीदेवी से हुई।
कुछ साल बाद जब श्रीदेवी का मिथुन से तलाक हो गया तो उन्हें संभालते-संभालते बोनी खुद अपना दिल खो बैठे। कुछ साल तक तो यह रिश्ता मोना से छिपा रहा पर आगे चलकर जब उन्हें इस बात की भनक लगी ते उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
एक इंटरव्यू में मोना ने कहा था- ‘बोनी मुझसे 10 साल बड़े थे तो मैं तो लगभग उनके साथ ही बड़ी हुई हूं। 13 साल की शादी के बात जब मुझे पता चला कि मेरे पति किसी और से प्यार करते हैं तो यह मेरे लिए सदमे की तरह था। मैं इस रिश्ते में कुछ कर भी नहीं सकती थी।’
1996 में मोना ने चुपचाप बोनी को तलाक दे दिया। उन्होंने अकेले ही अपने दोनों बच्चों अर्जुन और अंशुला को पाला। वहीं, बोनी को श्रीदेवी से दो बेटियां जान्हवी और खुशी हुईं। साल 2012 में कैंसर जैसी बीमारी के चलते मोना का निधन हो गया। आज बोनी अपने चारों बच्चों के साथ रहते हैं और आपस में उनके रिश्ते काफी अच्छे हैं।
आमिर-रीना-किरण
आमिर खान और उनकी पहली पत्नी रीना दत्ता की लव स्टोरी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट की तरह है। आमिर और रीना कभी पड़ोसी हुआ करते थे और खिड़कियों से एक-दूसरे को देखा करते थे। दोनों में प्यार बढ़ा और अपने 21वें जन्मदिन के तुरंत बाद आमिर ने अप्रैल 1986 में रीना से कोर्ट मैरिज कर ली। इस शादी के बारे में दोनों ने अपने परिवार वालों को भी नहीं बताया।
हालांकि, डेब्यू फिल्म की रिलीज से पहले ही दोनों परिवारों को आमिर और रीना की शादी के बारे में पता चला। इसके बाद अपनी चॉकलेट बॉय और सिंगल इमेज को बनाए रखने और फिल्म के बिजनेस पर बुरा असर पड़ने से बचाने के लिए कपल ने इसे सार्वजनिक रूप से घोषित नहीं किया।
1988 में रिलीज हुई आमिर की डेब्यू फिल्म 'कयामत से कयामत तक' के लोकप्रिय गाने 'पापा कहते हैं' में रीना दत्ता एक छोटी सी भूमिका में नजर आई थीं। हालांकि, उस समय तक किसी को पता नहीं था कि वे आमिर की पत्नी हैं।
इस तरह 1986 में शादी कर चुके आमिर और रीना ने अपनी शादी का खुलासा 1988 में फिल्म 'कयामत से कयामत तक' की सफलता के बाद किया था।
वक्त बीता और कपल के दो बच्चे हुए। बेटा जुनैद और बेटी आयरा। इस दौरान जब आमिर ने अपना प्रोडक्शन हाउस खोला तो पहली फिल्म ‘लगान’ के काम की जिम्मेदारी भी रीना ने संभाली। और फिर इसी फिल्म के सेट पर रीना की जिंदगी हमेशा के लिए बदल गई।
शादी के 16 साल बाद, साल 2002 में आमिर और रीना ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया। आमिर ने हाल ही में स्वीकार किया कि इतनी कम उम्र (21) में शादी करना उनकी भूल थी और काम के प्रति उनके जुनून ने भी इस रिश्ते पर असर डाला।
रीना और किरण कई मौकों पर साथ नजर आती हैं
रीना के जीवन से जाने के बाद आमिर ने किरण राव से शादी की। किरण और आमिर की मुलाकात फिलम 'लगान' के सेट पर हुई थी, जहां किरण एक असिस्टेंट डायरेक्टर थीं। उस समय दोनों के बीच कोई रोमांटिक रिश्ता नहीं था। आमिर अपनी पहली पत्नी रीना के साथ शादीशुदा थे और किरण किसी और को डेट कर रही थीं।
हालांकि, 2002 में रीना से तलाक लेने के बाद जब आमिर कठिन दौर से गुजरे तब उनकी और किरण की बातचीत दोबारा शुरू हुई। एक रात किरण से 30 मिनट फोन कॉल पर बात करने के बाद उन्हें बहुत खुशी महसूस हुई, जिसके बाद वो अक्सर देर रात बात करने लगे और 2004 में उन्हाेंने डेटिंग शुरू कर दी।
28 दिसंबर 2005 को पंचगनी में एक निजी समारोह में दोनों की शादी हुई और 2011 में सरोगेसी के जरिए किरण के बेटे आजाद राव खान का जन्म हुआ।
किरण से 15 साल की शादी के बाद जुलाई 2021 में आमिर ने उनसे भी तलाक ले लिया। उन्होंने इसे ‘रिश्ते का अंत’ नहीं, बल्कि ‘रिश्ते का बदलाव’ बताया था। इन दिनों आमिर, गौरी स्प्रैट को डेट कर रहे हैं।
तलाक के बाद आज भी आमिर, रीना और किरण के बीच गहरा सम्मान और दोस्ती का रिश्ता कायम है। तीनों अक्सर पब्लिक इवेंट और पारिवारिक कार्यक्रमों में साथ नजर आते हैं।
ऋतिक रोशन और सुजैन खान
ऋतिक रोशन और सुजैन खान के प्यार से ज्यादा लोग इनकी दोस्ती की चर्चा करते हैं। दोनों की कहानी एक ट्रैफिक सिग्नल से शुरू हुई थी। दोनों की कारें अगल-बगल आईं, ऋतिक ने सुजैन को देखा और वो उनके लिए पहली नजर का प्यार बन गईं। एक्टर ने अपने दोस्त संजय कपूर को इस बारे में बताया और उनकी मदद से ही सुजैन का पता लगाया। साल 2000 में दाेनों ने शादी कर ली।
13 साल तक सबकुछ ठीक रहा पर दिसंबर 2013 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया और नंवबर 2014 में दोनों ने तलाक ले लिया। अब दो अपने बच्चों (दो बेटे) की पैरेंटिंग साथ करते हैं।
जहां ऋतिक इन दिनों सबा आजाद के साथ रिलेशनशिप में हैं वहीं सुजैन, अर्सलान गोनी को डेट कर रही हैं। तलाक के बाद भी ऋतिक और सुजैन की बॉन्डिंग इतनी कमाल है कि अक्सर दोनों कपल साथ में वेकेशन पर जाते हैं।
हाल ही में सुजैन के पिता के निधन पर भी ऋतिक उनके साथ मजबूती से खड़े रहे थे। आज दोनों एक दूसरे का सम्मान करते हुए एक अच्छी लाइफ जी रहे हैं।
—---------------------
वैलेंटाइन वीक स्पेशल की इस कड़ी में कल पढ़िए
ऐसे स्टार्स जो रियल लाइफ कपल नहीं हैं पर ऑनस्क्रीन कपल बनकर इन्होंने फैंस का दिल चुराया है।