राजपाल यादव मामले पर अनुभव सिन्हा बोले- 'यह कोई जघन्य अपराध नहीं... इंडस्ट्री साथ देगी'
Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: तिहाड़ जेल में बंद अभिनेता राजपाल यादव के समर्थन में अब फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा भी खुलकर सामने आए हैं। उनका मानना है कि राजपाल यादव को जल्द ही राहत मिल सकती है।
विस्तार
अभिनेता और कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस से जुड़े मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने बीते दिनों तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया था। ऐसे वक्त में इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे राजपाल की मदद को आगे हैं। निर्देशक अनुभव सिन्हा ने भी इस पर टिप्पणी की है। जानिए
'वैसे हमारी इंडस्ट्री में एकता नहीं लेकिन...'
अमर उजाला डिजिटल से बातचीत में अनुभव सिन्हा ने कहा, 'देखिए, हमारी इंडस्ट्री में वैसे बहुत ज्यादा एकता नहीं होती, लेकिन राजपाल यादव के मामले में जिस तरह लोग उनके समर्थन में सामने आ रहे हैं, वह अच्छी बात है। मैंने अपने करियर में उनके साथ कभी काम नहीं किया। यहां तक कि मैं उनसे कभी मिला भी नहीं हूं। फिर भी मुझे भरोसा है कि इंडस्ट्री उनके साथ खड़ी रहेगी।'
'राजपाल का अपराध जघन्य नहीं'
उन्होंने आगे कहा, 'यह मामला अगर अपराध है भी तो वित्तीय प्रकृति का है। यह कोई जघन्य (बहुत ही घिनौना, क्रूर) या गंभीर आपराधिक मामला नहीं है कि लोग उनका साथ छोड़ दें। मुझे पूरा विश्वास है कि वह जल्द ही जेल से बाहर आ जाएंगे।'
इंडस्ट्री से मिल रहा समर्थन
राजपाल यादव के समर्थन में कई बड़े फिल्मी सितारे आगे आए हैं। सलमान खान, गुरमीत चौधरी, अजय देवगन, वरुण धवन और सोनू सूद जैसे कलाकारों ने मदद की है। इसके अलावा गायक मीका सिंह, केआरके और गुरु रंधावा ने भी आर्थिक सहयोग की पेशकश की है। इंडस्ट्री के कई अन्य लोग भी निजी तौर पर उनके परिवार के संपर्क में हैं और सहायता के लिए आगे आए हैं।
क्या है मामला?
साल 2010 से जुड़े एक पुराने चेक बाउंस मामले में अभिनेता राजपाल यादव इस समय जेल में हैं। दरअसल, उन्होंने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण और निर्देशन के लिए एक कंपनी से करोड़ों रुपये का कर्ज लिया था। बताया जाता है कि तय समयसीमा के भीतर राशि वापस नहीं चुकाई जा सकी। अदालत की ओर से कई अवसर दिए गए, लेकिन भुगतान न होने पर सख्त रुख अपनाया गया। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का निर्देश दिया। अदालती आदेश के पालन में राजपाल यादव ने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया। यह मामला करीब 9 करोड़ रुपये की देनदारी से जुड़ा हुआ है, जिस पर कानूनी प्रक्रिया जारी है।