Fact Check: दक्षिण कोरिया में लगी आग के वीडियो को ईरान-इस्राइल युद्ध से जोड़कर किया जा रहा शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान ने कतर के गैस प्लांट पर हमला किया है, जहां से भारत का 47 फीसदी कच्चा तेल आता है। हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि एक गैस प्लांट में आग लग गई है। आग इतनी तेज है कि असमान मेंं धुंऐ का काला गुबार देखने को मिल रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो कतर का है, जहां ईरान ने हमला किया है। इस गैस प्लांट से भारत का 47 फीसदी तेल आता है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया है कि वायरल वीडियो दक्षिण कोरिया का है, जहां एक फैशन लॉजिस्टिक्स केंद्र में भीषण आग लग गई।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान ने कतर के गैस प्लांट पर हमला किया है।
अखिलेश साहू गुगरबारा ललितपुर नाम के फेसबुक यूजर ने लिखा,”ब्रेकिंग न्यूज ईरान ने कतर के गैस प्लांट पर किया हमला! बताया जा रहा है कि यहीं से भारत को करीब 47% गैस सप्लाई होती है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अपनी घातक मिसाइल ताकत का प्रदर्शन भी किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे वैश्विक बाजार और ऊर्जा सप्लाई पर बड़ा असर पड़ सकता है। क्या इससे भारत की गैस सप्लाई पर पड़ेगा असर? आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें सीएनए के फेसबुक अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 15 नवंबर 2025 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां लिखा है कि शनिवार (15 नवंबर) को दक्षिण कोरिया के दक्षिण चुंगचेओंग प्रांत के चेओनान में स्थित सबसे बड़े फैशन लॉजिस्टिक्स केंद्रों में से एक में भीषण आग लग गई, जिससे लाखों कपड़े जलकर राख हो गए। आग लगने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ, क्योंकि कर्मचारियों के पहुंचने से घंटों पहले ही आग लग गई थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मुख्य आग पर काबू पाने में नौ घंटे से अधिक का समय लगा, और आग के कुछ हिस्से कई घंटों तक सुलगते रहे। आग बुझाने के अभियान में लगभग 430 दमकलकर्मी, 150 वाहन और 11 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए थे।
इसके बाद द स्ट्रेट्स टाइम्स के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो देखने को मिला है। यह वीडियो 17 नवंबर 2025 को साझा किया गया है। इसके साथ ही लिखा है कि दक्षिण कोरिया के एक फैशन लॉजिस्टिक्स केंद्र में भीषण आग लग गई।
आगे की पड़ताल में हमें कोरिया हेराल्ड की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 16 नवंबर 2025 को प्रकाशित की गई है। यहां हमें वायरल वीडियो से संबंधित कई तस्वीरें देखने को मिलीं। रिपोर्ट में बताया गया है कि शनिवार को दक्षिण कोरिया के सबसे बड़े फैशन लॉजिस्टिक्स केंद्रों में से एक में भीषण आग लग गई, जिससे दक्षिण चुंगचेओंग प्रांत के चेओनान में स्थित ई-लैंड सुविधा पूरी तरह से नष्ट हो गई और अंदर रखे लाखों कपड़े जलकर राख हो गए। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। आग सुबह करीब 6:08 बजे लगी, कर्मचारियों के काम पर आने से पहले। दक्षिण चुंगचेओंग प्रांत के अग्निशमन मुख्यालय के अनुसार, आग गोदाम की चौथी मंजिल पर लगी और कपड़ों और जूतों के विशाल भंडार के कारण तेजी से फैल गई। 193,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैले इस भवन में 11 मिलियन से अधिक वस्तुएं थीं।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को दक्षिण कोरिया का पाया है। इस वीडियो को ईरान- इस्राइल से कोई संबंध नहीं है।