Fact Check: धार्मिक यात्रा के वीडियो को एलपीजी संकट से जोड़कर किया जा रहा शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि एलपीजी नहीं मिलने के कारण दिल्ली में काम करने वाले प्रवासी अपने शहर वापस जा रहे हैं। हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में लोगों की भीड़ खेत के रास्ते से कहीं जाते हुए नजर आ रही है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि एलपीजी खत्म होने के बाद दिल्ली के काम करने वाले प्रवासी लोग अपने घर पैदल जा रहे हैं।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो एक धार्मिक यात्रा का है। इस वीडियो का एलपीजी संकट से कई संबंध नहीं है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि एलपीजी खत्म होने के बाद दिल्ली में रहने वाले प्रवासी अपने घर पैदल जा रहे हैं।
श्री ओम यादव नाम के फेसबुक यूजर ने लिखा,"क्या करें भाई यही एक रास्ता है जिंदगी बचाने के लिए” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसके साथ ही वीडियो में लिखा है कि सिलेंडर नहीं है तो भूखे नहीं मारेंगे खाली करो अनाथ आश्रम आ रहे हैं

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें अनंतराम राजपूत के नाम के फेसबुक यूजर के अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 24 मार्च 2026 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां लिखा है कि रुदौली से देवी पाटन मेला पैदल यात्रा जय माता दी।
आगे की पड़ताल में हमें इस अकाउंट पर वायरल वीडियो से संंबंधित अन्य वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो भी 24 मार्च 2026 को साझा किया गया है। यहां लिखा है कि रुदौली से देवी पाटन मेला पैदल यात्रा से मणाई बाबा पहुंचे हैं। जय माता दी।
इसके बाद हमें फेसबुक पर भी वायरल वीडियो से संबंधित एक वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 26 मार्च को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां लिखा है कि रुदौली से देवीपाटन मेला पैदल यात्रा जय माता दी मंदिर बलरामपुर स्कूल से पैदल यात्रा निकलकर देवीपाटन मंदिर के लिए।
आगे की पड़ताल के लिए हमने अमर उजाला के न्यूज डेस्क से संपर्क किया। इस दौरान हमें एक रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 26 मार्च 2026 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि बलरामपुर के तुलसीपुर क्षेत्र में चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर भुर्जी समाज की पारंपरिक पद यात्रा, इस वर्ष भी श्रद्धा और आस्था के साथ शक्तिपीठ देवीपाटन धाम पहुंची। अयोध्या से शुरू हुई इस पदयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने करीब 200 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर मां पाटेश्वरी के दरबार में मत्था टेका। यात्रा का नेतृत्व समाज के महंत शत्रुघ्न भुजवा ने किया। रास्ते भर श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए और मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने सूर्यकुंड में स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को धार्मिक यात्रा का पाया है।