Fact Check: एडिटेड है कॉकरोच जनता पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे के शामिल होने का दावा
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे भी शामिल हुए हैं। हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक तस्वीर वायरल हो रही है। तस्वीर में कॉकरोच जनता पार्टी के कुछ लोग नजर आ रहे हैं। उनके पीछे कॉकरोच जनता पार्टी का बैनर लगा नजर आ रहा है। तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे भी शामिल हुए हैं।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल तस्वीर को एडिट किया गया है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे भी शामिल हुए हैं।
डॉ. नृपेंद्र नारायण सिंह नाम के फेसबुक यूजर ने लिखा,’भारतीय लोकतंत्र मुझे शुरू से पता था कि यह सब पहले से प्लान किया हुआ था। BJP की पॉपुलैरिटी कम हो रही थी, और कांग्रेस फिर से अपना असर दिखाने लगी थी। इसलिए केजरीवाल ने कांग्रेस को एक बार फिर कमजोर करने के लिए यह CJP ड्रामा किया। जैसे अन्ना हजारे के साथ IAC मूवमेंट हुआ था, वैसा ही फिर से हो रहा है... यह IAC 2.0 है। केजरीवाल कभी भी BJP के खिलाफ़ नहीं थे। वह हमेशा कांग्रेस के खिलाफ थे। वह कभी नहीं चाहते थे कि Rahul Gandhi प्राइम मिनिस्टर बनें।" पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें द प्रिंट की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 3 जून 2026 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में हमें कॉकरोच जनता पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस की तस्वीर नजर आ रही है। लेकिन इन तस्वीरों में हमें कहीं भी अन्ना हजारे नजर नहीं आए। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि बुधवार शाम को कॉकरोच जनता पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में, सदस्यों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक से लेकर परिणाम त्रुटियों तक के कई विवादों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 6 जून को विरोध प्रदर्शन की घोषणा की। इसके साथ ही संगठन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीन प्रवक्ताओं की भी घोषणा की: खोजी पत्रकार सौरव दास, लेखिका और फिल्म निर्माता विजेता दहिया और पूर्व मैकिन्से सलाहकार आशुतोष रांका।
आगे की पड़ताल में द हिंदू की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट में 6 जून 2026 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में हमें प्रेस कॉन्प्रेस की तस्वीर देखने को मिली। यह भी हमें तस्वीर मे सिर्फ तीन लोग ही नजर आए। यहां बताया गया है कि कॉकरोच जनता पार्टी(सीजेपी) 6 जून को राजधानी के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करेगी। आंदोलन के प्रवक्ताओं ने बुधवार (3 जून, 2026) को अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा, ‘हम इस व्यवस्था से न्यूनतम जवाबदेही की मांग करते हैं, जहां भ्रष्टाचार चरम पर है।’
इसके बाद हमने अमर उजाला के न्यूज डेस्क से संपर्क किया। इस दौरान हमें एक रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 3 जून 2026 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने जनता और मीडिया से बात करने के लिए तीन प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है। सीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट कॉकरोच इज बैक के जरिए सोशल मीडिया पर इन नियुक्तियों की जानकारी दी। पोस्ट के अनुसार, खोजी पत्रकार सौरव दास को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। इनके अलावा, राजनीतिक शोधकर्ता, लेखक और फिल्म निर्माता विजेता दहिया तथा आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र और वैश्विक प्रबंधन परामर्श कंपनी मैकिंजी से जुड़े रहे आशुतोष रांका को भी पार्टी का प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
हमें कहीं भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे का जिक्र नहीं मिला और ना ही हमें उनकी तस्वीर देखने को मिली।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल तस्वीर को एडिटेड पाया है।