भिवानी। विद्या नगर कॉलोनी और कीर्ति नगर कॉलोनी के वासियों ने कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से पीने के पानी की आपूर्ति ठप होने पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। महिलाओं ने शीघ्र पानी आपूर्ति बहाल नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी।
जनसंघर्ष समिति भिवानी के जिला संयोजक व माकपा जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश ने बताया कि विभाग के पास पानी प्रेशर मोटर खराब होने की स्थिति में कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। विभाग की लचर कार्यप्रणाली के कारण लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है और पानी आपूर्ति का कोई निश्चित समय भी तय नहीं है। कॉलोनी निवासियों ने मांग की कि या तो सुबह 6 बजे या शाम 6 बजे पानी छोड़ा जाए ताकि लोगों की दिनचर्या प्रभावित न हो। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने जनस्वास्थ्य विभाग के जेई ताजदीन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। प्रदर्शन में शांति, दर्शना, रेनू, सुनीता और सुखबीर सांगवान शामिल रहे।