सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Celebrations in Haryana on International Yoga Day: CM Saini extends greetings in Panchkula

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हरियाणा में धूम: पंचकूला में CM सैनी ने दी बधाई, BJP प्रभारी का कांग्रेस पर तंज

माई सिटी रिपोर्टर, रोहतक (हरियाणा) Published by: Naveen Updated Sun, 21 Jun 2026 08:25 AM IST
विज्ञापन
सार

सोनीपत के मुरथल यूनिवर्सिटी में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में खेल जगत के दिग्गज जैसे अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता फोगाट, बॉक्सर विजेंद्र कुमार और कबड्डी स्टार प्रदीप नरवाल मौजूद रहे। इस मौके पर हरियाणा बीजेपी प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विपक्ष पर तीखे बाण चलाए।

Celebrations in Haryana on International Yoga Day: CM Saini extends greetings in Panchkula
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरियाणा में कई भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और प्रदेशवासियों को योग दिवस की बधाई दी। वहीं दूसरी ओर, सोनीपत की मुरथल यूनिवर्सिटी में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज रहीं, जहां हरियाणा भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया ने कानून व्यवस्था और नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।





पंचकूला: सीमाओं से परे संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में जोड़ता है योग- मुख्यमंत्री
पंचकूला में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह अवसर भारत की उस सनातन चेतना का उत्सव है, जिसने हजारों वर्षों से मानव मात्र को शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कोलकाता से वैश्विक योग अभियान का नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


विदेशी युवाओं की भागीदारी
कार्यक्रम में 16 मित्र देशों के सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि योग सीमाओं, भाषा और संस्कृतियों से परे संपूर्ण मानवता को एक सूत्र में जोड़ने की क्षमता रखता है। सीएम ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'स्वस्थ आयु के लिए योग' है। उन्होंने महामारी के दौर को याद करते हुए कहा कि कोविड के समय योग और प्राणायाम ने लाखों लोगों को मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास प्रदान किया।
विज्ञापन


जन-जन तक योग 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की डबल इंजन सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने आह्वान किया, "प्रतिदिन केवल 30 मिनट योग को दीजिए, आपका शरीर भी आपका धन्यवाद करेगा और आपका मन भी।

मुरथल यूनिवर्सिटी में योग के साथ गरमाई राजनीति, पूनिया ने कांग्रेस को घेरा

मुरथल यूनिवर्सिटी में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में खेल जगत के दिग्गज जैसे अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता फोगाट, बॉक्सर विजेंद्र कुमार और कबड्डी स्टार प्रदीप नरवाल मौजूद रहे। इस मौके पर हरियाणा बीजेपी प्रभारी सतीश पूनिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विपक्ष पर तीखे बाण चलाए।



कानून व्यवस्था पर सुरजेवाला को जवाब
रणदीप सुरजेवाला द्वारा प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए पूनिया ने कहा, "क्या कांग्रेस हरियाणा में रामराज्य छोड़कर गई थी? आज प्रदेश की कई समस्याएं कांग्रेस की ही विरासत का परिणाम हैं।" उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून सबके लिए बराबर है और सरकार अमन-चैन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

नीट और राहुल गांधी पर तीखा हमला
नीट पेपर लीक विवाद को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रभारी ने कहा कि राहुल गांधी 56 साल के हो गए हैं, लेकिन उनका मन अब भी बचपन का है। उन्होंने कांग्रेस के इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस शासन के दौरान 19 बार पेपर लीक हुआ और उनके राज में छात्र आत्महत्याएं कर रहे थे। कांग्रेस पहले इस पर जवाब दे, फिर हम जवाब देंगे।

मुद्दाविहीन है कांग्रेस
पूनिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने दुनिया भर में जाकर भारत के लोकतंत्र को बदनाम करने का एक 'गोरखधंधा' बना रखा है। उन्होंने कांग्रेस को पूरी तरह से दिशाहीन, नेतृत्वहीन और मुद्दाविहीन पार्टी करार दिया।

राष्ट्र निर्माण का आधार है योग
पंचकूला से लेकर सोनीपत तक, दोनों ही कार्यक्रमों में इस बात पर जोर दिया गया कि योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र निर्माण का मुख्य आधार है। नेताओं और खेल हस्तियों ने सभी से 'योग फॉर हेल्दी एजिंग' को अपने जीवन का दर्शन बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

मंत्री विपुल गोयल ने युवाओं संग किया योग, संतुलन बनाते दिखे अफसर

सेक्टर 10 स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम में रविवार सुबह जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सुबह की ताजी हवा के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं और शहरवासियों ने भारी संख्या में भाग लिया।

मुख्यातिथि विपुल गोयल ने भी अधिकारियों और युवाओं के साथ चटाई पर बैठकर योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्राणायाम सहित कई प्रमुख आसन किए। इसके पश्चात, मंच से उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री विपुल गोयल ने दैनिक जीवन में योग की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को निरोगी रखता है, बल्कि मानसिक शांति और एकाग्रता भी प्रदान करता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ और तनावमुक्त रहने के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के अंत में, मंत्री विपुल गोयल ने योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और योग प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया व उनका उत्साहवर्धन किया। रविवार की सुबह स्टेडियम में मौजूद हर वर्ग में योग और स्वास्थ्य को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed