Haryana: क्रॉस वोटिंग पर कांग्रेस विधायकों पर कार्रवाई टली, बंगाल चुनाव के बाद आ सकता है फैसला
शैली चौधरी, रेणु बाला और जरनैल सिंह ने जवाब में आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देने का दावा किया है। वहीं, मोहम्मद इलियास और मोहम्मद इसराइल ने अब तक नोटिस का जवाब नहीं दिया है।
विस्तार
हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोपों से घिरे कांग्रेस के पांच विधायकों पर कार्रवाई को लेकर सस्पेंस एक माह बाद भी बरकरार है। अब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के बाद इस मामले में फैसला होने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य वरिष्ठ नेता फिलहाल चुनावी व्यस्तताओं में हैं। इसी कारण हरियाणा कांग्रेस की अनुशासन समिति की रिपोर्ट पर अब तक अंतिम फैसला नहीं हो सका है।
29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का अंतिम चरण संपन्न होना है। इसके बाद दिल्ली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य वरिष्ठ नेताओं की बैठक प्रस्तावित है। इसी बैठक में हरियाणा कांग्रेस की अनुशासन समिति की रिपोर्ट पर चर्चा कर संबंधित विधायकों के खिलाफ कार्रवाई तय की जा सकती है।
16 मार्च को हुए थे राज्यसभा चुनाव
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि फिलहाल पार्टी के शीर्ष नेता असम और बंगाल चुनाव में व्यस्त हैं। जब हाईकमान बैठक करेगा, तभी इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध की जीत के बाद पार्टी ने क्रॉस वोटिंग के आरोपों की जांच शुरू की थी।
अनुशासन समिति ने 18 मार्च को नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी, साढ़ौरा विधायक रेणु बाला, हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल और पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बाद 20 मार्च को रतिया विधायक जरनैल सिंह को भी नोटिस भेजा गया।
दो विधायकों ने नहीं दिया जवाब
शैली चौधरी, रेणु बाला और जरनैल सिंह ने जवाब में आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देने का दावा किया है। वहीं, मोहम्मद इलियास और मोहम्मद इसराइल ने अब तक नोटिस का जवाब नहीं दिया है। दोनों नेताओं की पार्टी लाइन से अलग बयानबाजी भी चर्चा में है।
आज दिल्ली में कांग्रेस की निकाय चुनाव समितियों की अहम बैठक होगी। इसमें हरियाणा प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, सांसद वरुण मुलाना सहित अन्य सदस्य शामिल होंगे। बैठक में अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए दावेदारों के नामों पर मंथन होगा। इसके बाद हाईकमान की मंजूरी लेकर उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
