{"_id":"69c101115321a4e6a20c8310","slug":"three-dead-four-injured-after-canter-collision-in-bahadurgarh-accident-news-2026-03-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"हरियाणा के बहादुरगढ़ में बड़ा हादसा: कैंटर ने एक के बाद एक कई लोगों को कुचला, तीन की मौत, चार घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हरियाणा के बहादुरगढ़ में बड़ा हादसा: कैंटर ने एक के बाद एक कई लोगों को कुचला, तीन की मौत, चार घायल
संवाद न्यूज एजेंसी, बहादुरगढ़ (हरियाणा)
Published by: Ankesh Kumar
Updated Mon, 23 Mar 2026 02:30 PM IST
विज्ञापन
सार
हरियाणा के बहादुरगढ़ में सोमवार को बड़ा हादसा हुआ है। यहां तेज रफ्तार कैंटर (ट्रक) ने कई लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हुए हैं।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
बहादुरगढ़ में सोमवार को एक लापरवाह कैंटर चालक ने शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर हादसे कर दहशत फैला दी। इन भीषण दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से महिला को रोहतक के पीजीआईएमएस में रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Trending Videos
पहला हादसा दिल्ली-रोहतक रोड पर आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र स्थित मामा चौक पर दोपहर के समय करीब साढ़े 12 बजे हुआ। यहां तेज रफ्तार कैंटर ने सड़क पार कर रहे दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अशोक (32) निवासी आलियासपुर, जिला छपरा (बिहार) और शंभू (22) निवासी मांझी, जिला छपरा के रूप में हुई है। दोनों बहादुरगढ़ में रहकर नौकरी करते थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
इसके बाद भी कैंटर चालक नहीं रुका और बहादुरगढ़ बाईपास की ओर भाग गया। वहां उसने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार योगेंद्र (30) निवासी कानोंदा की मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रवीण घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान कैंटर ने एक ऑटो को भी टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोग सवार थे। हादसे में ऑटो में सवार प्रेम (महिला) निवासी लाइनपार, उनके पति कृष्ण और ऑटो चालक जयवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से महिला को रोहतक पीजीआईएमएस रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कैंटर चालक की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।