उचाना। घोघड़ियां गांव में शांति और सुख-समृद्धि के लिए सोमवार को हवन कर तालाब के चारों तरफ 325 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा पहुंचे और विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र बूरा, बलराज श्योकंद और विरेंद्र कौशिक रहे। इस दौरान ग्रामीण महावीर प्रधान, रामबिलास, रघुबीर, रामभज, विश्वास बूरा, जयसिंह, सुमित, काला, विक्की, राकेश, विकास, सुनील, दीपू ने कहा कि गांव की दरफैन पत्ती ने 70 लाख रुपये का चंदा एकत्रित करके बाबा गैबी साहिब के पास तालाब की चारदीवारी निकलवाई और मिट्टी भराव करके पार्क की जगह बनाई है। यहां पर दोनों ओर 325 पौधे लगाए गए हैं। इनमें पीपल, नीम, बरगद के अलावा अर्जुन, बेलपत्र, कल्प वृक्ष जैसे आयुर्वेदिक पौधे भी लगाए हैं। इसके अलावा तालाब में नहरी पानी भरवाया गया है। गांव के श्मशान घाट में भी पौधरोपण किया गया। मुख्यातिथि कुलदीप रंधावा ने कहा कि जिला परिषद के अधीन आने वाले अनुदान से गांवों में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों की मांग पर वाटर कूलर दिया। वीरेंद्र घोघड़ियां ने कहा कि गांव में आपसी भाईचारा बना रहना चाहिए।