कुरुक्षेत्र। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर डी.आर. जैन न्यूरोकेयर एंड मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय शर्मा एवं एक्सपर्टाइज मेडिकल कैंपस द्वारा सुंदरपुर डेरा में जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पार्षद प्रेमनारायण अवस्थी ने कहा कि तंबाकू व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की। डॉ. संजय शर्मा ने विश्व स्वास्थ्य संगठन की वर्ष 2026 की थीम आकर्षण का पर्दाफाश – निकोटीन और तंबाकू की लत का मुकाबला पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिगरेट, हुक्का, ई-सिगरेट को आधुनिकता का प्रतीक दिखाया जा रहा है, जबकि ये गंभीर बीमारियों का कारण बनते हैं। उन्होंने बताया कि 13-15 वर्ष के लगभग चार करोड़ किशोर तंबाकू का सेवन कर रहे हैं। तंबाकू से फेफड़ों के कैंसर, मुंह का कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक और अवसाद जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ता है। डॉ. शर्मा ने तंबाकू छोड़ने के लिए अदरक-नींबू, सौंफ, आंवला, इलायची जैसे आयुर्वेदिक उपाय सुझाए। उन्होंने कहा कि विश्व तंबाकू निषेध दिवस स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है।