होली पर बुझ गया 'दीपक': दोस्तों संग गया था खेलने, कुएं में पड़ी मिली लाश; आस-पास थीं पूर्वजों की समाधियां
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार की सुबह उन्हें सूचना मिली कि गांव के कुछ लोग कुएं के पास अपने पूर्वजों की समाधियों की पूजा करने के लिए गए जहां उन्हें कुएं में अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने मौके पहुंच कर कुएं से शव निकलवा कर ग्रामीणों से पहचान करवाई तो मृतक युवक की पहचान 23 वर्षीय दीपक के रूप में हुई।
विस्तार
हरियाणा के होडल स्थित गांव गढ़ी पट्टी में रविवार की दोपहर घर से अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के लिए गए 23 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर कुएं में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 की कार्रवाई शुरू कर, दोस्तों को पूछताछ के लिए बुलाया हैं।
दोस्तों के साथ गया था होली खेलने
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार की सुबह उन्हें सूचना मिली कि गांव के कुछ लोग कुएं के पास अपने पूर्वजों की समाधियों की पूजा करने के लिए गए जहां उन्हें कुएं में अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने मौके पहुंच कर कुएं से शव निकलवा कर ग्रामीणों से पहचान करवाई तो मृतक युवक की पहचान 23 वर्षीय दीपक के रूप में हुई। थाना प्रभारी ने कहा कि गांव निवासी जोगेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई दीपक सोमवार की दोपहर दो बजे से गांव निवासी योगेश, रोहताश, दीपक व सुमेर सहित अन्य दो दोस्त उसके भाई को घर से होली खेलने के लिए साथ ले गए।
लोगों ने देखा दीपक का शव
इस दौरान दीपक रात के आठ बजे तक घर नहीं लौटा और उसका फोन बंद आ रहा था। सोमवार की सुबह जब गांव के लोग खेतों पर बने कुएं के पास पूजन करने के लिए गए तो दीपक का शव मृत अवस्था में पड़ा मिला। परिजनों ने मृतक दीपक के साथ अनहोनी की घटना होने पर जांच कर कार्रवाई की मांग की हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शिकायत के आधार पर 194 की कार्रवाई करते हुए, मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजन को सौंप दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि इस मामले में मृतक के दोस्तों को पूछताछ के लिए बुलाया है पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई हैं।