Haryana Crime: विवाहिता का फंदे से लटका मिला शव, मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, ससुराल पक्ष घर से फरार
निंबरी गांव में एक महिला का फंदे से लटका शव मिला है। मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को मृतका के शव के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
विस्तार
थाना चांदनीबाग क्षेत्र के निंबरी गांव में शादी के मात्र छह माह बाद ही विवाहिता पूजा उम्र 24 साल का शव फंदे पर लटका मिला। मायके वालों को बुधवार सुबह छह बजे इसकी सूचना मिली जिसके बाद बड़ी संख्या में परिजन गांव पहुंच गए और पति व अन्य ससुरालियों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने के आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कुछ देर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को मृतका के शव के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी पति मिंटू समेत आठ ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से ही आरोपी घर से भागे हुए हैं।
मामला थाना चांदनीबाग क्षेत्र के निंबरी गांव का है। शहर की खटीक बस्ती निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उसकी छोटी बहन पूजा की शादी 19 फरवरी 2025 को निंबरी गांव के मिंटू के साथ हुई थी। शादी में करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के बाद से ही मिंटू और अन्य ससुराल वाले उसकी बहन को परेशान कर रहे थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे उनके पास फोन आया कि पूजा का शव फंदे पर लटका हुआ है। जिसके बाद वह अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा की पूजा का शव कमरे में फंदे पर लटका हुआ है। घर पर ससुराल वाले नहीं थे। उन्होंने तुरंत ही इसकी सूचना थाना चांदनीबाग पुलिस को दी।
कुछ देर बाद ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को शव के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसमें उसने कुछ नाम लिखे थे। परिजनों का आरोप है कि मिंटू शराब के नशे में पूजा के साथ मारपीट करता था और उस पर घर से पैसे लाने का दबाव डालता था। कई बार मारपीट कर उसे घर से बाहर भी निकाल दिया था। सुनील का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी बहन की हत्या कर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति मिंटू, उसके भाई सिंटू, कृष्ण, उसकी पत्नी, बलबीर, जयकिशन, पंकज समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शादीशुदा होने की छुपाई बात
मृतका पूजा की मां वेदो का आरोप है कि मिंटू पहले से ही शादीशुदा था। लेकिन उन्होंने यह बात छुपाकर उसकी दूसरी शादी करा दी थी। सोमवार सुबह को उसके पति के फोन से ही उनके पास कॉल आई और कॉल करने वाले ने बताया कि पूजा का शव फंदे पर लटका हुआ है।
फोन पर बात करते हुए रोने लगती थी पूजा
मृतका पूजा की मां ने बताया कि उसके चार बच्चे दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनमें सबसे छोटी पूजा ही थी। पूजा की शादी परिवार के लोगों ने धूमधाम से की थी। लेकिन, बेटी काफी समय से परेशान थी। कई बार वह फोन पर बात करते करते रोने लग जाती थी। लेकिन खुलकर कुछ नहीं बताती थी।
महिला का शव फंदे पर लटका होने की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतका के भाई की शिकायत पर पति समेत ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -संदीप कुमार, प्रभारी थाना चांदनीबाग।
ये भी पढ़ें: Haryana Accident: ट्रक और कार में हुई जोरदार टक्कर, पुलिसकर्मी ने मौके पर तोड़ा दम