रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन टीचर्स ट्रेनिंग सेंटर के निर्देशन में कंप्यूटर विभाग और डीएवी शताब्दी महाविद्यालय फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रोगाम का शनिवार को समापन किया गया। यह फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम एक साप्ताहिक कार्यक्रम रहा। देशभर से ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से जुड़े प्रतिभागियों, विशेषज्ञों, शिक्षाविदों एवं प्राध्यापकों ने सहभागिता की। समापन सत्र में मुख्य अतिथि प्रो. एएस मान, डीन, अकादमिक अफेयर्स रहे। प्रो. एएस मान ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को विषयगत जानकारी प्रदान करना नहीं बल्कि उनमें चिंतन, नवाचार, समस्या-समाधान तथा रचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी होना चाहिए। प्रो. नसीब सिंह गिल ने ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से जुड़े सभी प्रतिभागियों, रिसोर्स पर्सन्स, विशिष्ट अतिथियों, प्रो. प्रीति गुलिया, हेड, कंप्यूटर विभाग और सभी फैकल्टी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। निदेशक प्रो. मुनीश गर्ग ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को बदलते शैक्षणिक एवं तकनीकी परिवेश के अनुरूप अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संवाद