{"_id":"69e51bda3698897901005898","slug":"ank-sudhar-last-date-today-sirsa-news-c-128-1-sir1002-156970-2026-04-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sirsa News: सीबीएसई में 10वीं के विद्यार्थियों को अंक सुधारने का मौका, आज अंतिम दिन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sirsa News: सीबीएसई में 10वीं के विद्यार्थियों को अंक सुधारने का मौका, आज अंतिम दिन
संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
Updated Sun, 19 Apr 2026 11:45 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को अपने अंकों में सुधार करने का एक और अवसर दिया है। जिन छात्रों को अपने परीक्षा परिणाम से संतुष्टि नहीं है वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर अपने अंक सुधार सकते हैं। विद्यार्थी 20 अप्रैल तक बिना किसी लेट फीस के आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होगी और इसमें स्कूलों की भी अहम भूमिका रहेगी। विद्यार्थियों को अपने संबंधित स्कूल के माध्यम से आवेदन करना होगा जिसके बाद स्कूल प्रशासन एलओसी (लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स) को बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
पहले चरण में छात्र 16 से 20 अप्रैल तक बिना लेट फीस के आवेदन कर सकते हैं। दूसरे चरण में 20 अप्रैल तक स्कूलों को छात्रों का डाटा ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना होगा। वहीं, तीसरे चरण में 21 से 22 अप्रैल तक लेट फीस के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
निर्धारित समय के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी इच्छुक विद्यार्थियों को समय सीमा के भीतर आवेदन करने की सलाह दी गई है ताकि वे अपने परिणाम में सुधार कर सकें।
नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के तहत अब छात्रों को मुख्य परीक्षा के तुरंत बाद द्वितीय बोर्ड परीक्षा के रूप में अंक सुधारने का अवसर मिलेगा। इसमें छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं सहित अधिकतम तीन विषयों में अपनी परफॉरमेंस बेहतर कर सकेंगे। फरवरी-मार्च 2026 में हुई प्रथम बोर्ड परीक्षा सभी छात्रों के लिए अनिवार्य की गई थी।
द्वितीय परीक्षा केवल उन छात्रों के लिए है, जो अपने अंक सुधारना चाहते हैं। यह वैकल्पिक होगी। दोनों परीक्षाओं (मुख्य और सुधार परीक्षा) में से जिस परीक्षा में छात्र के अंक अधिक होंगे, वही अंतिम मार्कशीट और डिजीलॉकर में दर्ज किए जाएंगे। छात्र केवल उन्हीं विषयों में सुधार परीक्षा दे सकेंगे, जिनमें वे मुख्य परीक्षा में शामिल हुए हों (अधिकतम तीन विषय)।
पंजीकरण और शुल्क प्रक्रिया
स्कूलों को इच्छुक छात्रों की लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स बोर्ड को भेजनी होगी। पंजीकरण का पहला चरण (18-31 मार्च 2026) संपन्न हो चुका है जबकि दूसरा चरण मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने के अगले दिन से मात्र 5 दिनों के लिए खुला है। इसका शुल्क 320 रुपये प्रति विषय होगा। परीक्षा का सिलेबस वही रहेगा, जो मुख्य परीक्षा का था। छात्रों पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं डाला जाएगा। द्वितीय परीक्षा मई 2026 (15 मई से 1 जून) के बीच होने की संभावना है जिसका परिणाम जून में जारी होगा।
कक्षा 12 से अलग है यह नीति
यह विशेष सुविधा फिलहाल केवल कक्षा दसवीं के लिए ही लागू की गई है। कक्षा 12 के छात्रों के लिए सुधार परीक्षा की व्यवस्था अभी भी अगले वर्ष की मुख्य परीक्षा के साथ ही बनी हुई है। बोर्ड ने कहा है कि सुधार परीक्षा के दौरान आंतरिक मूल्यांकन के अंकों में कोई बदलाव नहीं होगा। यह नीति विशेष रूप से ग्रामीण और कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए वरदान साबित होगी, क्योंकि वे बिना साल बर्बाद किए अपना स्कोर सुधार सकेंगे। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते स्कूल से संपर्क करें और cbse.gov.in पर नजर बनाए रखें।
वर्जन
सीबीएसई के विद्यार्थी जो अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं वे 20 अप्रैल की शाम तक फीस भर सकते हैं। अगर कोई इसके बाद फीस भरता है तो उसकी लेट फीस लगेगी।
- राजीव उतरेजा, प्राचार्य, डीएवी स्कूल।

कमेंट
कमेंट X