हिमाचल: घुमारवीं को मिली दोहरी सौगात, हैंडबॉल एक्सीलेंस सेंटर का दर्जा और राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी
बिलासपुर के घुमारवीं को स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने हैंडबॉल एक्सीलेंस सेंटर घोषित किया है। फरवरी 2026 में सफल आयोजन के बाद दिसंबर में होने वाली अंडर-19 राष्ट्रीय स्कूली महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी भी दोबारा घुमारवीं को मिली है। बेहतर खेल सुविधाओं और उत्कृष्ट आयोजन क्षमता के कारण यह सम्मान मिला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नई दिल्ली में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय बैठक में बिलासपुर के घुमारवीं को हैंडबाल का एक्सीलेंस सेंटर घोषित किया गया है। अंडर-19 राष्ट्रीय स्कूली महिला हैंडबाल प्रतियोगिता की मेजबानी भी दोबारा घुमारवीं को सौंपी गई है। यह प्रतियोगिता दिसंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है। पिछली प्रतियोगिता की बेहतर व्यवस्थाओं के बाद घुमारवीं को यह अवसर मिला है। इसी साल फरवरी में हुई प्रतियोगिता में 30 टीमों के करीब 540 खिलाड़ी और अधिकारी घुमारवीं पहुंचे थे। राष्ट्रीय संस्था के ऑब्जर्वर ने भोजन, आवास और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बताया था।
फरवरी में राष्ट्रीय स्कूली महिला हैंडबाल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन और खेल मैदान की व्यवस्थाएं बेहतर रहीं। ऑब्जर्वर की मूल्यांकन रिपोर्ट में इन व्यवस्थाओं को बेहतरीन बताया गया। इसी सकारात्मक रिपोर्ट के आधार पर घुमारवीं को दोबारा मेजबानी मिली है। यही नहीं, बेहतर आयोजन क्षमता और हैंडबाल गतिविधियों को देखते हुए घुमारवीं को हैंडबाल एक्सीलेंस सेंटर का दर्जा भी दिया गया है।
राष्ट्रीय बैठक में आगामी राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिताओं पर चर्चा के दौरान घुमारवीं के पिछले आयोजन का विशेष उल्लेख किया गया। अधिकारियों का मानना है कि किसी भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता की सफलता मैदान तक सीमित नहीं होती, बल्कि खिलाड़ियों के रहने, खाने, आवाजाही और समन्वय जैसी व्यवस्थाओं का स्तर भी मेजबानी तय करने में अहम भूमिका निभाता है।
घुमारवीं इन सभी मानकों पर खरा उतरा। हालांकि, अभी इस संबंध में लिखित दस्तावेज भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रतियोगिता के विस्तृत कार्यक्रम और तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी। प्रतियोगिता में इस बार भी देशभर के राज्यों की टीमें भाग लेंगी।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं को एक्सीलेंस सेंटर मिलना गर्व की बात है। इसी वर्ष फरवरी में घुमारवीं को अंडर-19 राष्ट्रीय स्कूली महिला हैंडबाल प्रतियोगिता की मेजबानी मिली थी। खिलाड़ियों और स्टाफ को बेहतरीन सुविधाएं दी गईं, इससे प्रतियोगिता सफल रही। घुमारवीं को दूसरी बार मेजबानी मिली है। खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी।