Minjar Fair 2026: मिंजर मेले का समापन करेंगे सीएम, 200 बेड अस्पताल समेत करोड़ों की परियोजनाओं की देंगे सौगात
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के समापन समारोह में शामिल होने के लिए चंबा पहुंचेंगे। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। सरोल मेडिकल कॉलेज के 200 बिस्तरों वाले अस्पताल भवन का उद्घाटन करेंगे, दंगल प्रतियोगिता, मिंजर विसर्जन और अंतिम सांस्कृतिक संध्या में भी भाग लेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दो दिवसीय चंबा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सरोल के नए परिसर में नवनिर्मित 200 बिस्तरों की क्षमता वाले अस्पताल भवन का उद्घाटन भी करेंगे।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल के अनुसार मुख्यमंत्री 1 अगस्त को दोपहर 2 बजे चंबा पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम परिधि गृह में करेंगे। अगले दिन 2 अगस्त को उनका कार्यक्रम सुबह से शुरू होगा।
मुख्यमंत्री सुबह 10:50 बजे ऐतिहासिक चौगान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद सुबह 11:55 बजे सरोल स्थित मेडिकल कॉलेज के नए परिसर में 200 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल भवन का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों के साथ संवाद भी करेंगे।
दोपहर 2:40 बजे मुख्यमंत्री चौगान में आयोजित पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4:25 बजे अखंड चंडी महल से निकलने वाली ऐतिहासिक शोभायात्रा में भाग लेंगे। शोभायात्रा के साथ मुख्यमंत्री रावी नदी के तट स्थित मंजरी गार्डन पहुंचेंगे, जहां पारंपरिक मिंजर विसर्जन की रस्म अदा की जाएगी।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री परिधि गृह लौटकर आम लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे। रात 9:30 बजे आयोजित मिंजर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और इस अवसर पर मिंजर स्मारिका का भी विमोचन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 3 अगस्त को सुबह 11 बजे चंबा से रवाना होंगे।