CBSE 10th Result 2026: उत्तर भारत में दूसरे स्थान पर हिमाचल, बेटियों ने मारी बाजी, ऐसे चेक करें रिजल्ट
सीबीएसई ने 10वीं बोर्ड के नतीजे बुधवार को घोषित कर दिए हैं। इसके साथ ही लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया है।
विस्तार
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(सीबीएसई) ने 10वीं बोर्ड के नतीजे बुधवार को घोषित कर दिए हैं। इसके साथ ही लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के बुधवार को घोषित हुए दसवीं कक्षा के नतीजों में उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश दूसरे स्थान पर रहा है। परीक्षा परिणाम में प्रदेश की छात्राएं अव्वल रही हैं। छात्रों के मुकाबले छात्राओं की पास प्रतिशतता अधिक रही। हिमाचल प्रदेश में दसवीं कक्षा के 97.78 फीसदी विद्यार्थी पास हुए हैं। परीक्षा परिणाम में हिमाचल के विद्यार्थियों का प्रदर्शन पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश दिल्ली और चंडीगढ़ से बेहतर रहा है। हिमाचल प्रदेश से अधिक सिर्फ जम्मू-कश्मीर का परिणाम 99.15 फीसदी रहा। हिमाचल में बीते साल दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 97.26 फीसदी रहा था। इस बार परिणाम 0.52 फीसदी अधिक रहा।
प्रदेश में कुल 17,734 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था।
दसवीं कक्षा की परीक्षाओं में प्रदेश में कुल 17,734 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था। इनमें 9,825 छात्र और 7,909 छात्राएं रहीं। परीक्षा में कुल 17,709 विद्यार्थी उपस्थित हुए। इनमें 9,813 छात्र और 896 छात्राएं शामिल रहीं। कुल पास हुए 17,316 विद्यार्थियों में 9,593 छात्र और 7,773 छात्राएं रहीं। दसवीं कक्षा का कुल परिणाम 97.78 फीसदी रहा। छात्राओं का परीक्षा परिणाम 98.44 फीसदी और छात्रों का परिणाम 97.30 फीसदी रहा। दसवीं कक्षा की परीक्षा में चंडीगढ़ का परिणाम 92.51 फीसदी, दिल्ली 97.21, पंजाब 96.06, उत्तर प्रदेश 89.35, उत्तराखंड 93.26 और हरियाणा का परिणाम 92.28 फीसदी रहा। प्रदेश के जवाहर नवोदय विद्यालयों का परिणाम 100 फीसदी रहा। केंद्रीय विद्यालयों का परिणाम 99.83 और निजी स्कूलों का परिणाम 97.49 फीसदी रहा।
सभी विद्यार्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं। विद्यार्थी अपने रोल नंबर के जरिये आसानी से अपना परिणाम देख सकते हैं। विद्यार्थी अपने रिजल्ट को सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in और cbseresults.nic.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। सीबीएसई की ओर से जारी की जाने वाली ऑनलाइन मार्कशीट केवल प्रोविजनल होगी। छात्र इसे अस्थायी रूप से डाउनलोड कर सकते हैं, लेकिन इसे आधिकारिक दस्तावेज नहीं माना जाएगा। फाइनल मार्कशीट बाद में सभी विद्यार्थियों को उनके संबंधित स्कूलों के माध्यम से वितरित की जाएगी। सीबीएसई ने कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थीं। सभी परीक्षाएं एक ही शिफ्ट में ली गई थीं।
साइट पर ऐसे चेक करें रिजल्ट
सबसे पहले सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in पर जाएं।
होमपेज पर Class X Results 2026 लिंक पर क्लिक करें।
अब अपना रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी भरें।
सारी जानकारी भरने के बाद सबमिट करें।
इसके बाद आपका CBSE 10वीं का रिजल्ट स्क्रीन पर दिख जाएगा।
रिजल्ट डाउनलोड करें और प्रिंट निकालकर सुरक्षित रखें।
डिजिलॉकर ऐप पर भी देख सकेंगे
डिजिलॉकर ऐप डाउनलोड करें या digilocker.gov.in वेबसाइट खोलें।
अपने मोबाइल नंबर/आधार से लॉगिन करें।
CBSE Results या Education सेक्शन पर जाएं।
अपना रोल नंबर, कक्षा, स्कूल कोड और 6 अंकों का PIN दर्ज करें (जो स्कूल ने दिया हो)।
आपके रजिस्टर्ड मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करें।
सबमिट करने के बाद आपकी मार्कशीट स्क्रीन पर दिख जाएगी, जिसे आप डाउनलोड भी कर सकते हैं।

कमेंट
कमेंट X