हिमाचल तकनीकी विश्वविद्यालय: 31 मार्च तक पुनर्मूल्यांकन के लिए करें आवेदन
तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) की दिसंबर-जनवरी में आयोजित परीक्षा के परिणाम घोषित करने के बाद अब पुनर्मूल्यांकन और पुनः जांच के लिए आवेदन मांगे हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) की दिसंबर-जनवरी में आयोजित परीक्षा के परिणाम घोषित करने के बाद अब पुनर्मूल्यांकन और पुनः जांच के लिए आवेदन मांगे हैं। जो अभ्यर्थी पुनर्मूल्यांकन, पुनः जांच और उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी लेना चाहते हैं, वे अभ्यर्थी 20 से 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। तकनीकी विवि के परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि इससे संबंधित अधिसूचना वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी वहां डिटेल में आवेदन से संबंधित प्रक्रिया के बारे में देख सकते हैं। पुनः जांच और उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी के लिए अभ्यर्थियों को ऑफलाइन फॉर्म भरना होगा, जबकि पुनर्मूल्यांकन के लिए अभ्यर्थी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बीटेक, बीआर्क और एमबीए का परीक्षा परिणाम घोषित
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने दिसंबर और जनवरी माह में आयोजित बीटेक (कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग), बी आर्क और एमबीए के नियमित और री-अपीयर सेमेस्टरों की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि विषयों के परीक्षार्थी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं।
केंद्रीय विवि के नए परिसर देहरा में जुलाई से कक्षाएं शुरू करने की तैयारी
निर्माणाधीन केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में पहले चैत्र नवरात्र के अवसर पर गुरुवार को विधिवत पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया। इस दौरान केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्त प्रकाश बंसल ने कहा कि यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र के साथ देहरा के नए भवन में कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। अप्रैल या मई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर का उद्घाटन कराने की संभावना है। उद्घाटन के बाद विवि प्रशासन पूरी तरह से नए परिसर में शैक्षणिक गतिविधियों को स्थानांतरित करने की तैयारी में जुटा हुआ है। इस दौरान उन्होंने अन्य विभागीय प्रभारियों के साथ कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। प्रो. बंसल ने बताया कि देहरा परिसर का निर्माण कार्य तेजी से अंतिम चरण में पहुंच चुका है और करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। पहवे नवरात्र के पावन अवसर पर परिसर में हवन और पूजा का आयोजन किया। इससे निर्माण कार्यों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।