Looteri Dulhan: शादी की तारीख तय, रिंग सेरेमनी भी हुई... फिर 18 लाख रुपये और गहने लेकर फरार हुआ परिवार
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के अवाहदेवी में शादी का रिश्ता तय कर एक परिवार से करीब 18 लाख रुपये और लाखों के सोने के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। रिंग सेरेमनी के बाद निवेश के नाम पर रुपये लेने के बाद आरोपी शादी से पहले फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शादी का रिश्ता तय कर परिवार को विश्वास में लेने के बाद करीब 18 लाख रुपये नकद और लाखों के सोने के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस चौकी अवाहदेवी में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संगरोह गांव निवासी कुसुम लता ने बताया कि युवती के भाई ने अपना पता कांगड़ा बस स्टैंड के पास बताया था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद 20 जून को चंडीगढ़ में रिंग सेरेमनी आयोजित की गई, जहां वर पक्ष ने होने वाली दुल्हन को सोने के आभूषण और अन्य महंगे उपहार भेंट किए।
इसके बाद 12 जुलाई को शादी की तारीख तय कर दी गई। आरोप है कि रिंग सेरेमनी के बाद दुल्हन पक्ष ने व्यापार में निवेश और अन्य जरूरतों का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में गूगल पे के माध्यम से करीब 18 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। सात जुलाई को युवती के भाई ने फोन कर बताया कि कनाडा में उनके मामा का निधन हो गया है। उन्हें तुरंत वहां जाना पड़ रहा है। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। 11 जुलाई को जब संबंधित मैरिज पैलेस में जानकारी ली गई तो पता चला कि 12 जुलाई के नाम से वहां कोई बुकिंग ही नहीं थी। यहीं से पूरे ठगी के खेल का पर्दाफाश हुआ।
सलाह
- किसी भी रिश्ते में आगे बढ़ने से पहले व्यक्ति और उसके परिवार के बारे में पूरी जानकारी जुटाएं।
- ऑनलाइन प्रोफाइल और दिए गए पतों की सत्यता की जांच करें।
- बड़ी रकम या गहनों का लेन-देन करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें और सभी कागजी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
- किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
- इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता ही सबसे प्रभावी उपाय हैं।
सुबह लिए सात फेरे, शाम को टूटा बंधन
जिला ऊना के अंबोटा गांव में विवाह से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना दिया है। जिस रिश्ते की शुरुआत सुबह हिंदू रीति-रिवाजों, मंत्रोच्चारण और सात फेरों के साथ हुई थी, वह कुछ ही घंटों बाद समाप्त हो गया। विवाह के दिन ही नवविवाहित जोड़े ने सहमति से अलग होने का निर्णय ले लिया। युवक और युवती का विवाह बगलामुखी मंदिर में पूरे रीति-रिवाज के साथ हुआ। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद जब दुल्हन को विदा कर ससुराल ले जाने की तैयारी शुरू हुई तो उसने ससुराल जाने से इन्कार कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों परिवारों के सदस्यों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। दोनों पक्षों ने मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया। इसके बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से इस रिश्ते को आगे न बढ़ाने का फैसला लिया।